नई दिल्ली: दिल्ली में वाहन चोरों के खिलाफ दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। सराय काले खां पुलिस चौकी की टीम ने आरोपी के कब्जे से चोरी का एक स्कूटर बरामद किया। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पांच अन्य दोपहिया वाहन भी बरामद किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी के छह मामलों को सुलझाने में सफलता मिली है।
गुप्त सूचना पर बिछाया जाल चोरी के स्कूटर के साथ दबोचा
दक्षिण-पूर्वी जिला डीसीपी विनीत कुमार ने बताया कि डीडी संख्या 86ए के तहत दर्ज सूचना के आधार पर सराय काले खां पुलिस चौकी की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक संदिग्ध को चोरी के होंडा एक्टिवा स्कूटर के साथ पकड़ लिया। स्कूटर का पंजीकरण नंबर डीएल3एसडीपी4445 था। इसके बाद आरोपी को जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल संदीप के हवाले किया गया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
निशानदेही पर पांच और वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर आई.पी. पार्क गेट नंबर-दो के पास यमुना खादर श्मशान घाट रोड और सराय काले खां गंदे नाले के नजदीक स्थित एमसीडी पार्क के आसपास छापेमारी की। इस दौरान पांच अन्य चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए। बरामद वाहनों में तीन स्कूटर और तीन मोटरसाइकिल शामिल हैं। सभी वाहनों को जब्त कर मालखाने में जमा करा दिया गया है।
भोपाल का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नूर अहमद उर्फ बाबू (24) के रूप में हुई है। वह मध्य प्रदेश के भोपाल जिले के पिपलानी थाना क्षेत्र स्थित किरण नगर का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार वह सराय काले खां रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशन के आसपास अस्थायी रूप से रह रहा था।
आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने
प्रारंभिक जांच में आरोपी के खिलाफ सनलाइट कॉलोनी थाने में पहले के तीन आपराधिक मामलों का रिकॉर्ड सामने आया है। इनमें शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामला भी शामिल है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राकेश वशिष्ठ के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल संदीप, विवेक, मोनू, रंजीत, कांस्टेबल राकेश और महिला कांस्टेबल रेणु की टीम ने की। पूरी कार्रवाई थाना सनलाइट कॉलोनी के प्रभारी निरीक्षक मुकेश और लाजपत नगर के सहायक पुलिस आयुक्त सिद्धार्थ सिंह की निगरानी में हुई।
Reported By: Pankaj Rai












