वोटिंग के अधिकार को लेकर किसानों का शक्ति प्रदर्शन, ट्रैक्टरों के काफिले से गूंजा दादरी

0
6

दादरी (नोएडा): किसानों की एकजुटता लोकतांत्रिक अधिकारों की आवाज और ट्रैक्टरों के काफिले के साथ शुक्रवार को दादरी की धरती पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने अपनी ताकत दिखाई। जिला अध्यक्ष मनोज मावी के नेतृत्व में किसानों ने महापंचायत आयोजित कर ट्रैक्टर रैली निकाली और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। रैली के जरिए किसानों ने साफ संदेश दिया कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है और इसकी रक्षा के लिए वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।

एसडीएम को तीन सूत्री ज्ञापन

रैली के बाद किसान प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम), दादरी को ज्ञापन सौंपकर तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली मांग विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को रद्द करने की है। किसानों का कहना है कि प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे। दूसरी मांग मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की है। संगठन ने चुनाव प्रक्रिया में कथित भेदभाव को लेकर सवाल उठाए। तीसरी मांग मतदाता सूची से हटाए गए नामों की समीक्षा कर पात्र मतदाताओं के मतदान अधिकार तत्काल बहाल करने की है।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

जिला अध्यक्ष मनोज मावी ने कहा कि किसानों के लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे किसानों के हितों के खिलाफ साजिश बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here