चोरों पर ‘स्ट्रीट शील्ड’ का शिकंजा, शाहदरा पुलिस ने दो वाहन चोर दबोचे

0
6

नई दिल्ली: राजधानी में वाहन चोरों के खिलाफ शाहदरा जिला पुलिस ने ऑपरेशन स्ट्रीट शील्ड के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की तीन हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई से शाहदरा और उत्तर-पूर्वी जिले सहित तीन वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।

गुप्त सूचना पर बिछाया जाल, सीलमपुर गोल चक्कर के पास दबोचे आरोपी

शाहदरा जिले में सड़क अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन स्ट्रीट शील्ड के तहत एएसबी सेल की टीम शाम के समय गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को पुरानी सीमापुरी इलाके में झपटमारी और वाहन चोरी में कथित रूप से शामिल दो संदिग्धों के आने-जाने की गुप्त सूचना मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सीमापुरी गोल चक्कर के पास रणनीतिक तरीके से घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया। जांच के दौरान मोटरसाइकिल के चोरी का होने की पुष्टि हुई। यह वाहन गाजीपुर थाने में दर्ज ई-एफआईआर संख्या 025783/26 से संबंधित पाया गया।

पूछताछ में खुलीं चोरी की परतें, दो और मोटरसाइकिलें बरामद

शाहदरा जिला डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दोपहिया वाहन चोरी की अन्य वारदातों में संलिप्तता का खुलासा किया। उनकी निशानदेही पर दो और चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस तरह पुलिस ने कुल तीन मोटरसाइकिलें बरामद कर तीन वाहन चोरी के मामलों को सुलझाया।

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी नशे के आदी बताए जा रहे हैं और कथित तौर पर नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए वाहन चोरी करते थे। आरोपी हिमांशु का झपटमारी चोरी और शस्त्र अधिनियम से जुड़े 11 से अधिक मामलों में पूर्व संलिप्तता का रिकॉर्ड बताया गया है, जबकि शुभम के खिलाफ मादक पदार्थों और चोरी-झपटमारी से जुड़े दो मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

तीन थानों के मामलों का खुलासा

बरामद मोटरसाइकिलों में पंजीकरण संख्या डीएल5एसडीजेXXXX, डीएल14एसटीXXXX और यूपी13बीवीXXXX शामिल हैं। पुलिस ने इनके संबंध में एम.एस. पार्क थाना, हर्ष विहार थाना और गाजीपुर थाने में दर्ज तीन ई-एफआईआर को सुलझाया है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

यह कार्रवाई एएसबी सेल, शाहदरा जिला के प्रभारी उपनिरीक्षक विक्रांत चौधरी के नेतृत्व में की गई। अभियान सहायक पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन) पवन कुमार की निगरानी और शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा के मार्गदर्शन में चलाया गया। पुलिस टीम में सहायक उपनिरीक्षक सुनील कुमार, सहायक उपनिरीक्षक नीरज कुमार, हेड कांस्टेबल सचिन कुमार, हेड कांस्टेबल कुमार दिव्य वत्स, हेड कांस्टेबल अरुण, हेड कांस्टेबल आकाश और कांस्टेबल संदीप शामिल रहे।

डीसीपी का संदेश ऑपरेशन स्ट्रीट शील्ड के तहत वाहन चोरों और सड़क अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। शाहदरा जिला पुलिस का कहना है कि अपराध पर अंकुश लगाने चोरी के मामलों का खुलासा करने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गश्त एवं जांच अभियान लगातार तेज किए जा रहे हैं।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here