थाने में लगा जनता का दरबार, फरियाद लेकर पहुंचे 148 लोग, 121 शिकायतों का मौके पर समाधान

0
6

नई दिल्ली: राजधानी में पुलिस और आम जनता के बीच सीधा संवाद मजबूत करने की दिशा में दिल्ली पुलिस की जनसुनवाई पहल के तहत पूर्वी जिला के थाना मंडावली और थाना मधु विहार में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई की अध्यक्षता विशेष पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था जोन-1 देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने की। इस दौरान संयुक्त पुलिस आयुक्त पूर्वी रेंज मिलिंद महादेव डुम्बेरे तथा पुलिस उपायुक्त पूर्वी जिला राजीव कुमार के साथ एडिशनल डीसीपी और एसीपी भी मौजूद रहे।

जनसुनवाई में सहायक पुलिस आयुक्त मयूर विहार और सहायक पुलिस आयुक्त मधु विहार के अलावा दोनों थानों के थाना प्रभारी अतिरिक्त थाना अधिकारी और संबंधित पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

148 फरियादें, 121 का निस्तारण

जनसुनवाई के दौरान कुल 148 मामले सामने आए। इनमें से 121 मामलों का निवारण किया गया, जबकि शेष 27 मामलों में संबंधित अधिकारियों को जांच कर जल्द से जल्द उचित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में सामने आए मामलों में बड़ी संख्या आपसी विवाद, पड़ोसियों के बीच झगड़े, पैसे के लेनदेन, घरेलू विवाद और सास-बहू से जुड़े पारिवारिक मामलों की रही। पुलिस अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की बात ध्यानपूर्वक सुनी और प्रत्येक मामले की प्रकृति के अनुसार संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

सीधे पुलिस अधिकारियों के सामने रखी अपनी बात

जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों को अपनी शिकायत सीधे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सामने रखने का अवसर देना रहा। फरियादियों ने अपनी समस्याएं और चिंताएं अधिकारियों के समक्ष रखीं जिस पर अधिकारियों ने गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस पहल के जरिए पुलिस ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि जनता की शिकायतों को सुनना और उनका उचित समाधान सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों और नागरिकों के बीच सीधा संवाद भी हुआ जिससे स्थानीय स्तर पर पुलिस-जनता के संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here