स्मार्ट तकनीक और आधुनिक यातायात के क्षेत्र में उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित हुई दिल्ली मेट्रो

0
9

नई दिल्ली: राजधानी की जीवनरेखा कही जाने वाली दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने आधुनिक परिवहन और स्मार्ट तकनीक के क्षेत्र में अपनी सफलता का परचम लहराया है। भुवनेश्वर में आयोजित 19वें शहरी यातायात भारत सम्मेलन एवं प्रदर्शनी में दिल्ली मेट्रो को ‘उत्कृष्टता पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नवाचार एवं स्मार्ट यातायात समाधानों की श्रेणी में प्रदान किया गया। इस उपलब्धि ने दिल्ली मेट्रो की तकनीकी दक्षता और यात्री सुविधाओं के प्रति प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने दिल्ली मेट्रो रेल निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर ओडिशा के आवासन एवं शहरी विकास मंत्री डॉ. कृष्ण चंद्र महापात्र, केंद्रीय शहरी विकास विभाग के सचिव सतेंद्र सिंह तथा ओडिशा की अपर मुख्य सचिव उषा पाढ़ी भी उपस्थित रहीं।

दो दिवसीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी में दुनिया भर से शहरी परिवहन विशेषज्ञों और पेशेवरों ने भाग लिया। इसमें टिकाऊ शहरी विकास, आधुनिक यातायात व्यवस्था और भविष्य की परिवहन आवश्यकताओं पर विचार-विमर्श किया गया।

दिल्ली मेट्रो ने पिछले कुछ वर्षों में तकनीक के इस्तेमाल से यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। डिजिटल टिकटिंग व्यवस्था, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से संभावित तकनीकी खराबियों का पूर्वानुमान लगाने और ग्राहक सेवाओं में सुधार जैसे नवाचार इसकी कार्यप्रणाली का अहम हिस्सा बने हैं।

यह सम्मान दिल्ली मेट्रो की उस सोच को मजबूती देता है, जिसमें सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दी जाती है। तकनीक, नवाचार और बेहतर सेवा के संगम से दिल्ली मेट्रो लगातार नए मानक स्थापित कर रही है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here