शहीदों के सम्मान में झुका दिल्ली पुलिस का शीश, वीरता और बलिदान को किया नमन

0
9

नई दिल्ली:  देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों के सम्मान में दिल्ली पुलिस ने शनिवार 24 अक्टूबर को चाणक्यपुरी स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। वीरता कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान की याद में आयोजित इस कार्यक्रम में दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों जवानों और शहीद परिवारों ने नम आंखों से वीर सपूतों को नमन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार के नेतृत्व में ‘रन फॉर मार्टियर्स’ से हुआ। नेहरू पार्क से राष्ट्रीय पुलिस स्मारक तक आयोजित इस दौड़ ने शहीदों के प्रति सम्मान और उनके परिवारों के साथ एकजुटता का संदेश दिया। स्मारक पहुंचने पर पुलिस आयुक्त और वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों की वीरगाथा को सलाम किया।

शहीद परिवारों का सम्मान, बलिदान को किया याद

कार्यक्रम के दौरान शहीद दिल्ली पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। पुलिसकर्मियों की वीरता साहस और अदम्य शौर्य पर आधारित विशेष फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। शहीद परिवारों ने संग्रहालय का भ्रमण किया और ‘वॉल ऑफ वैलर’ पर पहुंचकर कर्तव्यपथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि दी।

शाम के सत्र में विशेष पुलिस आयुक्त, सशस्त्र पुलिस विजय कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों और उनके जीवनसाथियों के साथ स्मारक पहुंचकर पुष्पचक्र अर्पित किया। इसके बाद दिल्ली पुलिस के ब्रास बैंड और पाइप बैंड की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने वातावरण को गौरव और भावनाओं से भर दिया। कार्यक्रम का समापन ‘बीटिंग द रिट्रीट’ समारोह और वीरता दीवार पर श्रद्धांजलि के साथ हुआ।

शहादत को सलाम, सेवा का संकल्प

पुलिस स्मृति दिवस प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को देशभर में मनाया जाता है। राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर मुख्य आयोजन के बाद 22 से 30 अक्टूबर तक विभिन्न केंद्रीय पुलिस संगठनों और बलों के लिए अलग-अलग दिनों में कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस वर्ष 24 अक्टूबर की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस को सौंपी गई। दिल्ली पुलिस ने 22 से 30 अक्टूबर तक जिलों और इकाइयों में भी स्मरण कार्यक्रमों के माध्यम से शहीदों की विरासत को सम्मान देने का संकल्प दोहराया।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here