गाजियाबाद में मधुबन बापूधाम पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई, मुठभेड़ में एक आरोपी घायल, गांजे की कीमत करीब 15 लाख रुपये

0
5

गाजियाबाद: सड़क पर चल रही चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पुलिस के शक के घेरे में आई। स्कूटी पर तीन लोग सवार थे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वे ठहरने के बजाय रास्ता बदलकर भागने लगे। पीछा शुरू हुआ तो मामला फायरिंग तक पहुंच गया। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 33 किलोग्राम गांजा और हथियार बरामद किए गए हैं।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर चलाई गोली, जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल

घटना गोल चक्कर, 16 मंजिला के तिराहे की है। थाना मधुबन बापूधाम पुलिस और स्वाट टीम नगर जोन की संयुक्त टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान दुहाई रेलवे फाटक की ओर से आ रही काली स्कूटी पर पुलिस की नजर पड़ी। स्कूटी पर नंबर प्लेट नहीं थी और उस पर तीन लोग सवार थे। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे स्कूटी मोड़कर भागने लगे। पुलिस के अनुसार पीछा किए जाने पर आरोपियों ने टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में राहुल उर्फ राजेश उर्फ विनोद उर्फ मूसा उर्फ राजू के पैर में गोली लगी। उसे मौके पर गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके साथ मौजूद अभय उर्फ गौरव और तुषार सिंह को भी पुलिस ने पकड़ लिया।

15 लाख रुपये का 33 किलो गांजा और हथियार बरामद, सप्लायर नेटवर्क की तलाश जारी

सहायक पुलिस आयुक्त कविनगर (कार्यवाहक) उपासना पाण्डेय के क्षेत्राधिकार में हुई इस कार्रवाई के बाद अब जांच का केंद्र गांजे की खेप का स्रोत और उसकी आपूर्ति से जुड़े संभावित संपर्क हैं। गांजा कहां से आया था और उसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 33 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने दो तमंचे .315 बोर, तीन खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की काली स्कूटी भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, राहुल के खिलाफ तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। अभय और तुषार के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Reported By: Mohit Gautam

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here