नशे पर वार, युवाओं की हुंकार! तंबाकू मुक्त भारत के लिए शुरू हुआ अभियान 4.0

0
7

नई दिल्ली: तंबाकू और नशे की गिरफ्त से युवा पीढ़ी को बचाने के लिए केंद्र सरकार ने तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का शुभारंभ किया है। केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करते हुए युवाओं से तंबाकू के खिलाफ देशव्यापी जनआंदोलन का नेतृत्व करने और स्वस्थ सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें तंबाकू तथा नशे की लत से बचाना एक स्वस्थ और मजबूत राष्ट्र के निर्माण के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से तंबाकू को स्पष्ट रूप से ‘ना’ कहने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने युवाओं को तंबाकू मुक्त भारत का राजदूत बनने का संदेश दिया।

60 दिन तक चलेगा राष्ट्रव्यापी अभियान

तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत अगले 60 दिनों तक देशभर में तंबाकू सेवन की रोकथाम नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन और तंबाकू की लत छोड़ने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इस बार विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को अभियान के केंद्र में रखा गया है। शिक्षण संस्थानों में तंबाकू मुक्त परिसर बनाने, जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और युवाओं की भागीदारी से जनचेतना फैलाने की योजना है।

5.8 लाख शिक्षण संस्थानों और 73 हजार गांवों तक पहुंचा अभियान

अभियान के पिछले तीन चरणों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि अब तक 5.8 लाख से अधिक शिक्षण संस्थानों और 73 हजार गांवों को तंबाकू मुक्त घोषित किया जा चुका है। चौथे चरण में इस पहल को और व्यापक बनाने के साथ तंबाकू नियंत्रण के प्रयासों को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

नशामुक्त युवा, विकसित भारत की पहचान

अभियान के तहत सरकार के विभिन्न विभागों के समन्वय से छह सूत्रीय रणनीति के माध्यम से तंबाकू नियंत्रण, जागरूकता, रोकथाम और नशे की लत छोड़ने के प्रयासों को गति दी जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाना और समाज में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here