वृंदावन में यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 40 वाहनों के चालान

0
7

वृंदावन: शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले बाइक सवारों के खिलाफ गुरुवार को कोतवाली पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। कोतवाली प्रभारी अश्विनी कुमार के निर्देशन में केशव धाम पुलिस चौकी क्षेत्र के चैतन्य विहार और रुक्मणि विहार में दोपहिया वाहनों की जांच की गई। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 40 वाहन चालकों के चालान काटे गए, जबकि कुछ को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

हेलमेट व कागजात की जांच और जागरूकता

पुलिस टीम ने अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को रोककर हेलमेट और वाहन संबंधी कागजात की जांच की। नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने के प्रति जागरूक भी किया गया।

प्रभारी का बयान और अभियान जारी रखने के निर्देश

कोतवाली प्रभारी अश्विनी कुमार ने बताया कि शहर में बाइक सवारों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर सभी चौकी प्रभारियों को प्रतिदिन वाहन चेकिंग के लिए समय निर्धारित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

Reported by- Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here