खजूरी खास में मौत बनकर दौड़ा कंक्रीट मिक्सर ट्रक, स्कूटी सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत

0
7

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में देर रात एक बार फिर सड़क पर दौड़ते भारी वाहन ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। खजूरी खास इलाके में कंक्रीट मिक्सर ट्रक और स्कूटी के बीच हुई भीषण टक्कर में स्कूटी सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

2 नवंबर की मध्यरात्रि को खजूरी खास में हादसा

दिल दहला देने वाली यह घटना 2 नवंबर 2026 की रात करीब 11 बजकर 55 मिनट पर खजूरी खास थाना क्षेत्र के पुराने थाने वाले कट के पास हुई। पुलिस को ट्रक और स्कूटी की भिड़ंत की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना देरी किए घटनास्थल पर पहुंची। वहां दो युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। उनकी पहचान पक्की खजूरी निवासी संतोष (30) और गली नंबर-24 खजूरी खास निवासी पवन (33) के रूप में हुई।

दोनों घायल अस्पताल पहुंचने के बाद मृत घोषित, ट्रक कब्जे में

घायलों में से एक को उसके परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे जबकि दूसरे को पुलिसकर्मियों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, दोनों को बचाने की तमाम कोशिशें नाकाम रहीं। चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेज दिया गया। उधर हादसे की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्टेटर कंक्रीट मिक्सर ट्रक को कब्जे में ले लिया है।

पुलिस ने मामला दर्ज किया, फरार चालक की तलाश जारी

खजूरी खास थाना पुलिस ने संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। मामले की जांच जारी है।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here