नई दिल्ली: अपराध की दुनिया में पुलिस को चकमा देकर बच निकलने की कोशिश करने वाले शातिर वाहन चोर की चालाकी आखिरकार नाकाम हो गई। पूर्वी जिला पुलिस के लक्ष्मी नगर थाना पुलिस ने महज दो दिन के भीतर कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी की होंडा एक्टिवा बरामद कर ली। आरोपी की पहचान पश्चिम जवाहर पार्क लक्ष्मी नगर निवासी 25 वर्षीय नितिन के रूप में हुई है। पुलिस जांच में उसका नाम मोबाइल फोन झपटमारी की एक अन्य वारदात में भी सामने आया है।
पूर्वी जिला डीसीपी राजीव कुमार रावल ने बताया कि 1 नवंबर को लक्ष्मी नगर इलाके से होंडा एक्टिवा चोरी होने की पीसीआर कॉल मिली थी। इस संबंध में प्राथमिकी संख्या 392/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(बी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वारदात की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
सौ कैमरों की फुटेज ने खोला राज
पुलिस टीम ने इलाके और आसपास लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर नितिन की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने उसके घर पर दबिश देकर उसे दबोच लिया और चोरी की एक्टिवा बरामद कर ली। पूछताछ में आरोपी ने 26 अक्टूबर को दर्ज मोबाइल झपटमारी के मामले में भी संलिप्तता बताई। इस संबंध में प्राथमिकी संख्या 385/2026 दर्ज है। पुलिस अब झपटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल स्कूटर बरामद करने के प्रयास में जुटी है।
25 मामलों का आपराधिक इतिहास
आठवीं तक पढ़ा नितिन मजदूरी करता है और लक्ष्मी नगर थाने का घोषित बदमाश है। उसके खिलाफ दिल्ली में चोरी, सेंधमारी, लूट और शस्त्र अधिनियम समेत 25 आपराधिक मामलों में संलिप्तता का रिकॉर्ड है। यह कार्रवाई एएसआई राजीव कुमार, हेड कांस्टेबल सचिन त्यागी, हेड कांस्टेबल अमित और कांस्टेबल देवी सिंह की टीम ने की। पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी की निगरानी में हुई।
Reported By: Pankaj Rai












