बंगाल में पति ने धारदार हथियार से काटा पत्नी का सिर, फिर हाथ में लेकर पहुंचा मंदिर और करने लगा पूजा

0
8

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले में बुधवार सुबह एक ऐसी वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद वह कटा हुआ सिर लेकर इलाके में घूमता रहा और फिर मंदिर पहुंचकर हाथ जोड़कर बैठ गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, घटना गंगारामपुर शहर के नगरपालिका वार्ड नंबर 4 की है। आरोपी की पहचान 46 वर्षीय रिंटू सरकार के रूप में हुई है, जबकि मृतका का नाम 42 वर्षीय सीमा सरकार बताया गया है। स्थानीय लोगों ने पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने की बात कही है।

आरोप है कि बुधवार सुबह झगड़े के दौरान रिंटू ने धारदार हथियार से पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद वह उसका कटा सिर लेकर घर से बाहर निकल गया। लोगों ने उसे सिर लेकर घूमते देखा तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बाद में वह एक मंदिर पहुंचा और वहां सिर गोद में रखकर बैठ गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार की तलाश कर रही है।

नौकरी छूटने के बाद बिगड़ी मानसिक स्थिति?

रिंटू सरकार पहले नॉर्थ बंगाल स्टेट ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन में बस कंडक्टर के तौर पर काम करता था। उसने पुलिस को बताया कि करीब तीन साल पहले अनुशासन संबंधी कारणों से उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस स्टेशन ले जाते समय उसने स्थानीय मीडिया से कहा, “मुझे नौकरी से निकालने के बाद मैं साइको बन गया।”

दो नाबालिग बच्चों के सामने हुई घटना

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, कुछ चश्मदीदों ने दावा किया कि आरोपी अपने दोनों नाबालिग बेटों को भी मंदिर ले गया था। हालांकि, स्थानीय लोगों ने बच्चों को वहां से अपने पास ले लिया। परिवार में दो बच्चे हैं। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच अभी शुरुआती दौर में है। नौकरी जाने के बाद आरोपी के गुस्सैल और चिड़चिड़े होने की जानकारी मिली है। पड़ोसियों ने यह भी दावा किया कि उसे पहले दो बार स्थानीय लोगों से झगड़ा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here