नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनकी विदेश यात्राओं का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते जनता को यह जानने का अधिकार है कि राहुल गांधी विदेश में किससे मिलते हैं और क्यों जाते हैं।
भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली में शाह ने कहा, “आप अभी वियतनाम से लौटे हैं, लेकिन इस बारे में बात नहीं करते। पारदर्शिता होनी चाहिए। राहुल जी, कृपया अपनी सभी विदेश यात्राओं का ब्योरा जनता को दीजिए। आप वियतनाम में कितने दिन रहे, किससे मिले, वहां क्यों गए और आपका कार्यक्रम क्या था।” उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक संवैधानिक पद पर हैं, इसलिए देश की जनता को यह जानकारी मिलनी चाहिए।
ईवीएम और चुनाव पर भी उठाए सवाल
गृह मंत्री ने राहुल गांधी से ईवीएम को लेकर भी सवाल पूछा। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी को लगता है कि सभी ईवीएम खराब हैं, तो उनकी पार्टी के विधायकों ने केरल, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में उन्हीं मशीनों से चुनाव जीतने के बाद शपथ क्यों ली। शाह ने कहा, “राहुल जी, उत्तर प्रदेश में एक कहावत है ‘नाच न जाने आंगन टेढ़ा’। देश की जनता अब आपको स्वीकार नहीं करती, इसे मान लीजिए।”
सड़क पर बहस करनी है तो चौराहा चुन लें
शाह ने कहा कि लोग सोच रहे हैं कि अहम मुद्दों पर चर्चा सड़कों पर होनी चाहिए या संसद में। उन्होंने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा, “अगर आपको सड़कों पर चर्चा करने का इतना शौक है, तो हमें कोई आपत्ति नहीं है। आप मोदी जी से बहस करने को कहते हैं, मोदी जी को छोड़िए। हरियाणा में किसी भी चौराहे को चुन लीजिए, हमारा युवा मोर्चा अध्यक्ष आपसे बहस करेगा।” उन्होंने आगे कहा, “अगर आप जिम्मेदार और सार्थक चर्चा करना चाहते हैं, तो आइए संसद में बहस कीजिए। लेकिन मुझे पता है कि आप ऐसा नहीं करेंगे और हमेशा की तरह भाग जाएंगे।”
कांग्रेस पर साजिश का आरोप
गृह मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से हर घर जाकर कांग्रेस और उसके सहयोगियों की ओर से चुनाव प्रक्रिया को बदनाम करने की साजिश का पर्दाफाश करने को कहा। उन्होंने लोगों को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया की सच्चाई बताने की अपील भी की। शाह ने कहा, “चुनाव आयोग ने हर राजनीतिक दल को बूथ स्तरीय एजेंट (BLA) नियुक्त करने की अनुमति दी थी। जब चुनाव आयोग SIR कर रहा था, तब कांग्रेस के BLA क्या कर रहे थे?” हरियाणा कांग्रेस में अंदरूनी कलह पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “उनके BLA हुड्डा और सैलजा की कुश्ती में व्यस्त थे। उन्होंने मतदाताओं की कभी मदद नहीं की।”
गारंटियों पर भी हमला
शाह ने कांग्रेस शासित राज्यों में दी गई गारंटियों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में 10 गारंटी दी थीं, लेकिन एक भी पूरी नहीं की। उन्होंने कहा कि हरियाणा में पीएम मोदी की ओर से दी गई सभी गारंटी पूरी कर दी गई हैं और इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।












