सीजेआई से मिलने पर अड़े राहुल गांधी, कांग्रेस ने देशभर के कार्यकर्ताओं को बुलाया दिल्ली

0
6

नई दिल्ली: दिल्ली में एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की तैयारी के बीच नया मोड़ आ गया है। पार्टी ने सोमवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत से मुलाकात करने के लिए सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने की योजना बनाई थी। हालांकि, रविवार देर रात सीजेआई की ओर से मिलने का समय देने से इनकार किए जाने के बाद कांग्रेस को अपनी रणनीति बदलनी पड़ सकती है। अब पार्टी के वरिष्ठ नेता दोबारा मुलाकात का समय मांगने पर विचार कर रहे हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर दावा किया था कि मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात तय हो गई है। इस जानकारी से विपक्ष के कई नेताओं और कानूनी जानकारों को हैरानी हुई थी। खरगे ने कहा था कि अगर यह बैठक होती है, तो अपनी तरह का पहला मामला होगा। हालांकि, सीजेआई के इनकार के बाद अब सोमवार के कार्यक्रम में बदलाव की संभावना है।

राहुल गांधी ने रद्द किया गोवा का कार्यक्रम

राहुल गांधी ने कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की तैयारियों पर ध्यान देने के लिए गोवा में अपना चुनावी कार्यक्रम रद्द कर दिया। चेन्नई में छात्रों के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह दिल्ली लौट आए। उन्होंने नागरिकों, विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च में शामिल होने की अपील की।

राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि लोकतंत्र के लिए मार्च बाराखंभा रोड से शुरू होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भारत की आवाज को दबा नहीं सकते।

‘सीजेआई के सामने अपनी चिंताएं रखेंगे’

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कांग्रेस नेता मुख्य न्यायाधीश को मौजूदा हालात से अवगत कराना चाहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे सीजेआई से कोई मांग नहीं करेंगे, बल्कि अपनी चिंताएं सामने रखकर हस्तक्षेप का अनुरोध करेंगे। खरगे के मुताबिक, उन्होंने और राहुल गांधी ने इस संबंध में मुख्य न्यायाधीश को पत्र भी लिखा है। सूत्रों के अनुसार, पत्र में ज्ञापन के प्रमुख बिंदुओं के साथ पुलिस की कार्रवाई और प्रदर्शनकारियों को परेशान किए जाने की घटनाओं का भी जिक्र किया गया था। खरगे ने राजधानी में हो रही कार्रवाई की तुलना आपातकाल के दौर से करते हुए केंद्र सरकार की आलोचना की।

कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचने को कहा

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सभी राज्यों के पार्टी कार्यकर्ताओं से दिल्ली पहुंचने की अपील की है। हरियाणा के राव नरेंद्र, उत्तराखंड के गणेश गोदियाल और राजस्थान के गोविंद डोटासरा समेत कई प्रदेश अध्यक्षों ने कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में राजधानी पहुंचने के निर्देश दिए हैं। इससे साफ है कि कांग्रेस इस विरोध प्रदर्शन को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here