शाहदरा में अवैध पटाखों के काले कारोबार पर पुलिस का करारा प्रहार

0
7

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में अवैध पटाखों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। शाहदरा जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने कथित तौर पर अपने घर को ही अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री का ठिकाना बना रखा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 311.97 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हर्षित मित्तल (26) निवासी शिव मंदिर, बलबीर नगर, दिल्ली के रूप में हुई है।

शाहदरा जिला डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि एएनटीएफ शाहदरा की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि हर्षित मित्तल अपने निवास पर अवैध रूप से पटाखों की बिक्री कर रहा है। सूचना में यह भी बताया गया था कि मौके पर छापेमारी करने पर आरोपी को पटाखों के जखीरे के साथ पकड़ा जा सकता है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए इसे तुरंत निरीक्षक अर्जुन सिंह प्रभारी एएनटीएफ शाहदरा के संज्ञान में लाया गया। इसके बाद उन्होंने सहायक पुलिस आयुक्त ए.के. सिंह को मामले से अवगत कराया और कार्रवाई की रणनीति तैयार की गई।

गुप्त सूचना से तैयार हुआ गिरफ्तारी का पूरा प्लान

पुलिस ने सूचना का गहन सत्यापन करने के बाद तत्काल एक विशेष छापेमारी टीम गठित की। निरीक्षक अर्जुन सिंह के नेतृत्व में टीम ने बलबीर नगर स्थित आरोपी के मकान पर दबिश दी। पुलिस ने नियमानुसार तलाशी अभियान चलाया तो घर के भीतर अवैध पटाखों का बड़ा भंडार मिला।

Image Courtesy/ Pankaj Rai
Image Courtesy/ Pankaj Rai

टीम ने मौके से 311.97 किलोग्राम पटाखे बरामद कर उन्हें जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी हर्षित मित्तल को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना शाहदरा में प्राथमिकी संख्या 256/26, दिनांक 3 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 288/125 तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अवैध पटाखों की खरीद-फरोख्त और इस कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

आर्थिक तंगी के चलते अवैध कारोबार में उतरने का दावा

पुलिस के अनुसार आरोपी हर्षित मित्तल बलबीर नगर का रहने वाला है और पहले एक रेस्तरां में काम करता था। वह दिहाड़ी के आधार पर अपनी आजीविका चलाता था। पुलिस का दावा है कि आर्थिक परेशानियों के चलते उसने जल्द पैसा कमाने के लालच में कथित तौर पर अवैध पटाखों की बिक्री शुरू कर दी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी पटाखे कहां से खरीदकर लाता था और इन्हें किन लोगों को बेचने की तैयारी में था।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली विशेष टीम में उपनिरीक्षक शोकिंदर, हेड कांस्टेबल पंकज, योगेश, विकास, विजय, राजेश और सुदेश, महिला हेड कांस्टेबल सत्यवती, कांस्टेबल अर्जुन सिंह, शाहिद तथा महिला कांस्टेबल शिवानी शामिल रहे। पूरी कार्रवाई निरीक्षक अर्जुन सिंह, प्रभारी एएनटीएफ शाहदरा के नेतृत्व में, सहायक पुलिस आयुक्त ए.के. सिंह के मार्गदर्शन तथा शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त के समग्र पर्यवेक्षण में की गई। डीसीपी का संदेश साफ है—अवैध पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। त्योहारों के मौसम में लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here