वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को दावा किया कि ईरान के साथ जारी युद्ध लगभग समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि अमेरिका फिलहाल मौजूदा स्थिति बनाए रखेगा, लेकिन हालात में किसी भी बदलाव से निपटने के लिए उसकी सेना पूरी तरह तैयार है। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि सैन्य दृष्टि से ईरान का मामला लगभग निपटा दिया गया है। हालांकि, अमेरिका यह सुनिश्चित करना चाहता है कि तेहरान का परमाणु कार्यक्रम लंबे समय तक आगे न बढ़ सके। उनका यह बयान कतर के प्रधानमंत्री के साथ बैठक के बाद आया। बैठक के बाद ट्रंप अचानक व्हाइट हाउस के ब्रीफिंग रूम पहुंचे और मीडिया से बातचीत की।
मजबूत समझौता हुआ तो दोबारा हमले की जरूरत नहीं
ट्रंप ने ईरान पर फिर से सैन्य कार्रवाई करने की धमकी के मामले में नरम रुख के संकेत दिए हैं। उन्होंने रविवार को CNN को फोन पर दिए इंटरव्यू में कहा था कि यदि ईरान के साथ बातचीत में प्रगति होती है और वह एक मजबूत समझौते पर हस्ताक्षर करता है, तो दोबारा हमला करने की संभावना काफी कम हो जाएगी। ट्रंप के इस बयान को दोनों देशों के बीच तनाव कम करने की दिशा में संभावित संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम पर हमले, जहाज पर भी चलाई गोलियां
पिछले एक सप्ताह के दौरान अमेरिकी सेना ने ईरान पर कम से कम दो सीमित सैन्य हमले किए हैं। इन हमलों में ईरान की एयर डिफेंस प्रणाली को निशाना बनाया गया। इसके अलावा शनिवार को अमेरिकी सेना ने एक वाणिज्यिक जहाज पर गोलीबारी कर उसे निष्क्रिय कर दिया। वाशिंगटन का दावा है कि यह जहाज ईरानी बंदरगाहों पर लगाई गई नौसैनिक नाकेबंदी को तोड़ने की कोशिश कर रहा था।
मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी ने खोया बहुमत
ट्रंप ने ईरान के साथ आठ महीने से जारी युद्ध का जिक्र ऐसे समय किया है, जब पिछले सप्ताह हुए मिडटर्म चुनावों में उनकी रिपब्लिकन पार्टी ने अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों में अपना बहुमत गंवा दिया। चुनाव के दौरान युद्ध को लेकर मतदाताओं की नाराजगी भी एक बड़ा मुद्दा रही। इस संघर्ष के कारण ईंधन की कीमतों में तेजी आई, जिसका असर अमेरिका समेत वैश्विक अर्थव्यवस्था के लगभग सभी क्षेत्रों पर पड़ा है।
जंग खत्म करें तो दो दिन में खोल देंगे होर्मुज जलडमरूमध्य : अराघची
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि यदि अमेरिका सभी मोर्चों पर युद्ध समाप्त करने के लिए तैयार होता है, तो ईरान दो दिनों के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य को खोल सकता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि अमेरिका को पहले ईरान की शर्तें स्वीकार करनी होंगी। ऐसा नहीं होने पर ईरान जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार है।
अराघची ने दावा किया कि ईरान ने अपनी सैन्य क्षमताओं को मजबूत किया है, सेना की कमजोरियों को दूर किया है और नए हथियारों का परीक्षण भी किया है। उनके मुताबिक, ईरानी सेना पूरी तरह सतर्क है और किसी भी संभावित स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है।












