150 सीसीटीवी कैमरों ने खोला चोर का राज, शातिर चोर गिरफ्तार

0
8

नई दिल्ली: अपराध की दुनिया में कितनी भी शातिर चाल चल लो कानून की नजरों से बचना आसान नहीं द्वारका जिले की बिंदापुर थाना पुलिस ने चोरी और सेंधमारी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी के पांच मोबाइल फोन, सोने की अंगूठी, दो जोड़ी सोने के झुमके, सोने का लॉकेट और चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस गिरफ्तारी से पांच मामलों का खुलासा किया है।

सीसीटीवी फुटेज से हुई संदिग्ध की पहचान  

द्वारका जिला डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि थाना बिंदापुर इलाके में एक मकान से मोबाइल फोन और जेवर चोरी होने की सूचना मिली थी। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस ने 150 से अधिक कैमरों की रिकॉर्डिंग का विश्लेषण कर संदिग्ध की पहचान बलराम उर्फ बबलू के रूप में की।

डीडीए फ्लैट्स के पास दबोचा गया आरोपी 

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डीडीए फ्लैट्स, बिंदापुर के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदातों के साथ अलग-अलग स्थानों से मोबाइल फोन चुराने की बात भी बताई। आरोपी की पहचान 31 वर्षीय बलराम उर्फ बबलू उर्फ अविनाश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी व झपटमारी करता था। वह बिंदापुर थाने का घोषित बदमाश है और उसके खिलाफ 14 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई को एचसी नीरज, एचसी राजेश, कांस्टेबल राजेश और कांस्टेबल आशीष की टीम ने अंजाम दिया। टीम का नेतृत्व एसएचओ वेद प्रकाश ने किया। पूरी कार्रवाई एसीपी हर्नित सिंह सूडान की निगरानी में तथा डीसीपी कुशल पाल सिंह के निर्देशन में हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here