नई दिल्ली: दिल्ली की जहरीली हवा से हर साल लाखों लोग परेशान होते हैं। सर्दी आते ही धुंध और प्रदूषण बढ़ जाता है, और सबसे ज्यादा तकलीफ बच्चों और बुजुर्गों को होती है। महंगे एयर प्यूरीफायर हर घर में नहीं होते, इसलिए साफ हवा भी कई परिवारों के लिए सपना बन जाती है। लेकिन अब दिल्ली के दो स्कूली छात्रों ने इस बड़ी समस्या का बेहद सस्ता और आसान हल निकाल लिया है।
क्या है प्रोजेक्ट वायु
संस्कृति स्कूल के 12वीं के छात्र कृष अग्रवाल और वसंत वैली स्कूल के 11वीं के छात्र समर्थ मीटले ने मिलकर ‘प्रोजेक्ट वायु’ शुरू किया है। उनका मकसद कोई बड़ा आविष्कार दिखाना नहीं था, बल्कि उन बच्चों तक साफ हवा पहुंचाना था जो महंगे प्यूरीफायर नहीं खरीद सकते। दोनों ने मिलकर एक ऐसा तरीका तैयार किया है, जिससे सिर्फ 140 रुपये में घर का साधारण पंखा ही एयर प्यूरीफायर बन जाता है। न कोई नई मशीन खरीदनी है, न कोई महंगा सामान। बस एक खास फिल्टर चाहिए, जो टेबल फैन या दीवार वाले पंखे की जाली पर आसानी से लग जाता है।
What if your ordinary fan could also work as an air purifier? And what if it cost just ₹140? Two Delhi students, Krish Aggarwal and Samarth Meattle, came up with exactly this idea. They co-founded Project Vayu, developing a special filter that fits onto an ordinary fan and helps capture harmful PM2.5 particles.
— Asif Iqbal (@AsifInsights) November 11, 2026
कैसे काम करता है ये फिल्टर
यह फिल्टर इलेक्ट्रोस्टैटिक तकनीक पर काम करता है। आसान भाषा में समझें तो ये हवा में तैर रहे बेहद छोटे प्रदूषण के कणों को अपनी तरफ खींच लेता है। दिल्ली की हवा में सबसे खतरनाक माने जाने वाले PM2.5 जैसे बारीक कण भी इस फिल्टर में फंस जाते हैं। जैसे ही पंखा चलता है, हवा फिल्टर से होकर गुजरती है और गंदगी फिल्टर पर जमा होने लगती है। इसे लगाने के लिए किसी मैकेनिक, औजार या खास जानकारी की जरूरत नहीं है। कोई भी बच्चा या बड़ा इसे घर पर खुद लगा सकता है।
क्यों खास है ये पहल
इस पहल की सबसे बड़ी खासियत इसकी कीमत और सादगी है। बाजार में एयर प्यूरीफायर हजारों रुपये में मिलता है, लेकिन ये फिल्टर सिर्फ 140 रुपये में काम कर जाता है। इससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को भी साफ हवा मिल सकती है। दोनों छात्रों का कहना है कि वे चाहते हैं कि ये फिल्टर ज्यादा से ज्यादा स्कूलों और घरों तक पहुंचे। अगर ये छोटे से छोटे कमरे में भी लगा दिया जाए, तो बच्चों को सांस लेने में राहत मिलेगी।
दिल्ली जैसे शहर में जहां हर सर्दी में हवा जहरीली हो जाती है, वहां दो स्कूली बच्चों की ये सोच सच में उम्मीद जगाती है। उन्होंने साबित कर दिया कि बड़ा बदलाव लाने के लिए बड़ी उम्र या बड़े पैसे की जरूरत नहीं, बस एक अच्छी सोच चाहिए।












