नई दिल्ली: यूएई में काम करने वाली एक भारतीय कंपनी की 12 महिला कर्मचारियों के लिए ऑफिस का दिन यादगार बन गया। रोज की तरह अपनी सीट पर पहुंचीं इन महिलाओं को अंदाजा नहीं था कि वहां उनके लिए महंगा सरप्राइज रखा है। वर्ल्ड स्टार होल्डिंग के भारतीय संचालक दंपती ने उन्हें नया आईफोन डुओ तोहफे में दिया। दुबई में इस फोन की कीमत करीब 2.20 लाख से 3.51 लाख रुपये तक है, जबकि भारत में इसके लिए 2,99,900 से 4,49,900 रुपये तक चुकाने पड़ते हैं।
कंपनी की मैनेजिंग डायरेक्टर हसीना निषाद ने इस सरप्राइज का वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया है। इसमें वह अपने पति और कंपनी के चेयरमैन निषाद हुसैन के साथ 12 आईफोन डुओ पैक करती दिखती हैं। इसके बाद दोनों कॉन्फ्रेंस रूम में हर कुर्सी पर एक-एक फोन रख देते हैं। फिर 11 महिला कर्मचारियों को कमरे में बुलाया जाता है। बैठने के लिए कुर्सियां पीछे खींचते ही वे वहां रखा फोन देखकर हैरान रह जाती हैं।
जूस लाने वाली कर्मचारी को भी मिला फोन
वीडियो में एक भावुक पल तब आता है, जब हसीना के केबिन में जूस लेकर पहुंचने वाली महिला को भी 12वां आईफोन दिया जाता है। तोहफा पाकर वह हसीना को गले लगा लेती हैं। इसके बाद वह बाकी कर्मचारियों के साथ बैठकर भावुक हो जाती हैं और रोने लगती हैं। कुछ देर बाद खुद को संभालकर नए फोन की अनबॉक्सिंग करती हैं।
‘तोहफे से ज्यादा उसके पीछे का प्यार अहम’
हसीना ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा कि उन्हें अपनी महिला सहकर्मियों के साथ काम करने पर गर्व है। उन्होंने कर्मचारियों की मेहनत, लगन और रोजमर्रा के प्रयासों की सराहना की। उनके मुताबिक, यह तोहफा उनके प्रति प्यार और सम्मान जताने का एक तरीका है। उन्होंने कहा कि हर महिला के अपने सपने, जिम्मेदारियां और चुनौतियां होती हैं। नेतृत्व का मतलब सिर्फ कंपनी को सफल बनाना नहीं, बल्कि लोगों को खुद पर भरोसा करना और आगे बढ़ना सिखाना भी है। एक महिला की कामयाबी दूसरी महिलाओं को प्रेरित कर सकती है।
हसीना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। खबर लिखे जाने तक इसे 25 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका था। कई यूजर्स ने इस सरप्राइज की तारीफ की। एक यूजर ने आखिरी कर्मचारी की प्रतिक्रिया देखकर भावुक होने की बात कही, जबकि दूसरे ने कंपनी में नौकरी की इच्छा जताई। कुछ लोगों ने कंपनी और उसके कर्मचारियों की तरक्की की कामना भी की।












