सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट, 13 महीने के निचले स्तर पर पहुंचा गोल्ड; जानें कितने गिरे दाम

0
6

नई दिल्ली: अमेरिका में महंगाई बने रहने और फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका का असर सोने-चांदी पर दिख रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना करीब 3,880 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। पिछले कारोबारी सत्र में इसकी कीमत लगभग 3 फीसदी टूटकर 13 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गई थी। घरेलू बाजार में भी गिरावट दर्ज की गई। MCX पर गुरुवार रात सोना करीब 1.36 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1,78,848 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई। सर्राफा बाजार में सोना 3,000 रुपये गिरकर 1,37,692 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 4,860 रुपये टूटकर 1,81,040 रुपये प्रति किलो पर आ गई।

अमेरिका में महंगाई के आंकड़े उम्मीद से ज्यादा आने के बाद निवेशकों को लग रहा है कि फेडरल रिजर्व ब्याज दरें और बढ़ा सकता है। इसका असर अमेरिकी बॉन्ड यील्ड पर भी पड़ा। गुरुवार को कुछ ट्रेजरी बॉन्ड की यील्ड में 12 बेसिस पॉइंट से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई।

फेड की अगली बैठक पर बाजार की नजर

ब्लूमबर्ग के मुताबिक, फेड अधिकारियों के बयानों ने भी दरें बढ़ने की आशंका मजबूत की है। शिकागो फेड के चेयरमैन ऑस्टन गूल्सबी ने कहा कि अर्थव्यवस्था में जरूरत से ज्यादा तेजी आने से पहले महंगाई पर काबू करना जरूरी है। सैन फ्रांसिस्को फेड की अध्यक्ष मैरी डेली ने भी महंगाई नियंत्रित करने के लिए दरें बढ़ाने की जरूरत बताई।बाजार को अगले महीने ब्याज दरों में 0.25 फीसदी बढ़ोतरी की उम्मीद है। कुछ निवेशक 0.50 फीसदी की बढ़ोतरी की आशंका भी जता रहे हैं। दिसंबर के बाद भी दरें ऊंची रह सकती हैं। बॉन्ड जैसे विकल्पों पर रिटर्न बढ़ने से निवेशक सोने से दूरी बना सकते हैं, क्योंकि सोने में ब्याज नहीं मिलता।

ईरान तनाव से कच्चा तेल भी महंगा

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से कच्चे तेल के दाम चढ़े हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को ईरान के साथ समझौते की जरूरत नहीं है और सैन्य कार्रवाई का विकल्प खुला है। इसके बाद ब्रेंट क्रूड करीब 96 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। महंगा तेल वैश्विक महंगाई बढ़ा सकता है और ब्याज दरें ऊंची रखने का दबाव बढ़ा सकता है। लगातार गिरावट के बाद शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में हल्की तेजी दिखी। स्पॉट गोल्ड 0.1 फीसदी बढ़कर 3,881.02 डॉलर प्रति औंस पहुंचा। चांदी भी 0.2 फीसदी चढ़कर 50.11 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here