रतिया: एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को राजकीय माध्यमिक विद्यालय दादी जाखन, राजकीय शहीद देवेंद्र सिंह महिला महाविद्यालय, दादी जाखन में खेल स्टेडियम तथा तहसील कार्यालय स्थित ई-दिशा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई, व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
राजकीय माध्यमिक विद्यालय और महिला महाविद्यालय का जायजा
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय में पहुंचकर विद्यार्थियों की पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों तथा स्कूल में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों से बातचीत कर शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत उन्होंने राजकीय शहीद देवेंद्र सिंह महिला महाविद्यालय का निरीक्षण किया और कॉलेज में शैक्षणिक व्यवस्था, छात्राओं को उपलब्ध सुविधाओं तथा परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों में व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
खेल स्टेडियम का निरीक्षण
एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने दादी जाखन खेल स्टेडियम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेडियम में खेल सुविधाओं और रखरखाव की स्थिति का जायजा लेते हुए युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया।
ई-दिशा केंद्र में सेवाओं की समीक्षा
इसके अलावा तहसील कार्यालय स्थित ई-दिशा केंद्र में पहुंचकर नागरिकों को दी जा रही सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने केंद्र में आने वाले लोगों को निर्धारित समय में पारदर्शी एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। कर्मचारियों को हिदायत दी कि आमजन के कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और सभी सेवाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
Reported By: Rimpi Jindal












