दिल्ली के खजूरी खास में 25 राउंड से ज्यादा फायरिंग, गैंगस्टर के करीबी समीर की गोलियों से भूनकर हत्या

0
13

नई दिल्ली: दिल्ली के खजूरी खास इलाके में सोमवार देर शाम गैंगवार ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसकी जान ले ली। वारदात के दौरान 25 से ज्यादा राउंड फायरिंग की गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय समीर उर्फ भूरा के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, समीर अनवर ठाकुर-हारून गैंग से जुड़ा था। उसकी हत्या के पीछे हारून के विरोधी नसीम दुर्दानी गैंग का हाथ होने का शक जताया जा रहा है।

सूत्रों का दावा है कि नसीम दुर्दानी भी वारदात के समय मौके पर मौजूद था और उसने खुद गोलियां चलाईं। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। घटना के वक्त समीर के साथ उसका एक दोस्त भी था, जिसने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम जीरो पुश्ता स्थित कैंप कार्यालय के पास गोलीबारी की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची तो समीर खून से लथपथ पड़ा था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि समीर को 8 से 9 गोलियां लगी थीं। हमलावर वारदात के बाद बाइक से फरार हो गए। पुलिस घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है।

दोनों गैंग के बीच एक साल में चार से ज्यादा हत्याएं

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अनवर ठाकुर-हारून और नसीम दुर्दानी गैंग के बीच लंबे समय से दुश्मनी चल रही है। पिछले एक साल में इस टकराव में चार से अधिक लोगों की हत्या हो चुकी है। कुछ समय पहले हारून के चाचा राजा मेवाती को मार दिया गया था। इसके बाद बदले की कार्रवाई में राशिद की हत्या हुई। इस मामले में क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ के बाद दो नाबालिग शार्प शूटरों को पकड़ा था। उनके पास से दो पिस्तौल, पांच कारतूस, तीन खाली खोखे और चोरी की बाइक बरामद हुई थी। अब समीर की हत्या को भी इसी दुश्मनी से जोड़कर जांच की जा रही है।

गैंगवार में अब तक 15 से ज्यादा हत्याएं

सूत्रों के मुताबिक, अनवर ठाकुर का दिल्ली के अपराध जगत में लंबे समय तक दबदबा रहा है। उसके खिलाफ 40 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं। सदर बाजार थाने में 1992 के एक हत्या मामले में उसे उम्रकैद की सजा हुई थी। बताया जाता है कि जेल में उसकी मुलाकात डी-कंपनी के फजल-उर-रहमान से हुई थी। बाद में परोल पर दुबई जाने के दौरान वह दाऊद गिरोह के संपर्क में आया, लेकिन कुछ समय बाद उससे अलग हो गया। मेरठ से अपराध की दुनिया में कदम रखने के बाद अनवर सीलमपुर आया और अपना गैंग बनाया। गैंगस्टर छेनू के गुरु अखिल डॉन को भी उसका करीबी बताया जाता है। वर्ष 2006 में अनवर और वेलकम के सलीम पहलवान के बीच गैंगवार शुरू हुई थी। सूत्रों का दावा है कि इस संघर्ष में 15 से ज्यादा लोगों की जान गई। अनवर के भाई अशरफ को मुंबई पुलिस ने 2002 में मुठभेड़ में मार गिराया था। फिलहाल पुलिस समीर की हत्या में शामिल हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here