पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के बीच पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां पूजा के प्रसाद का पकवान जूठा करने पर नाराज मां ने अपनी ही चार साल की मासूम बेटी की इतनी पिटाई कर दी कि उसकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
मृत बच्ची की पहचान वार्ड संख्या 12 निवासी राजू पासवान की बेटी सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी मां रीना कुमारी को हिरासत में ले लिया है।
घाट बनाने गए थे परिवार के लोग
बच्ची के पिता राजू पासवान ने पुलिस को बताया कि छठ पूजा को लेकर परिवार के लोग घर के पास घाट बनाने गए थे। घर में उनकी पत्नी रीना कुमारी पूजा के लिए प्रसाद के पकवान बना रही थीं। इसी दौरान छोटी बेटी सुहानी ने पकवान को जूठा कर दिया। बताया जा रहा है कि इसी बात पर रीना को गुस्सा आ गया और उसने बच्ची की पिटाई कर दी। कुछ देर बाद सुहानी की तबीयत बिगड़ने लगी। हालत बिगड़ती देख मां ही उसे लेकर पास के निजी नर्सिंग होम पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता का रो-रोकर बुरा हाल
चार साल की सुहानी की मौत से पिता राजू पासवान का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में छठ की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन एक पल में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। व्यथित पिता ने कहा कि ऐसी पूजा का क्या फायदा, जब उनकी बेटी ही इस दुनिया में नहीं रही। उन्होंने पत्नी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। राजू ने कहा कि अब उन्हें ऐसी पत्नी की जरूरत नहीं है, वह अपने बच्चों का पालन-पोषण अकेले कर लेंगे।
राजू पासवान के तीन बच्चे हैं। इनमें सात साल की बेटी शिवानी, चार साल की सुहानी और डेढ़ साल का बेटा राजा कुमार शामिल है। सुहानी के जाने से पूरा परिवार टूट गया है। गांव में भी इस घटना को लेकर गम और गुस्से का माहौल है।
पुलिस कर रही जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही पूसा थानाध्यक्ष रमेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मोहम्मदपुर बिरौली गांव में चार साल की बच्ची की मौत की सूचना मिली थी। मामले में आरोपी मां को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ की जा रही है।
पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। गांव में छठ पर्व की तैयारियों के बीच हुई इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।











