नई दिल्ली: भरोसे की सवारी में चोरी का खेल खेलने वाले कैब चालक का आखिरकार पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पूर्वी जिला पुलिस के पांडव नगर थाना पुलिस ने दो लैपटॉप चोरी करने के आरोप में 29 वर्षीय यादवेंद्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए दोनों लैपटॉप बरामद कर शत-प्रतिशत रिकवरी कर ली है।
ऑनलाइन शिकायत पर FIR दर्ज
पूर्वी जिला डीसीपी राजीव कुमार रावल ने बताया कि 16 नवंबर को पीड़िता ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी कि एक कैब चालक उसके दो लैपटॉप चोरी कर ले गया है। शिकायत पर पांडव नगर थाने में एफआईआर संख्या 80098857/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज किया गया। जांच अधिकारी ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर छानबीन शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सबसे पहले आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसके बाद गाजीपुर बॉर्डर के कैमरों की फुटेज ने जांच को नई दिशा दे दी। संदिग्ध कैब का नंबर मिलते ही पुलिस वाहन के मालिक तक पहुंची। जांच में पता चला कि गाड़ी ट्रू वैल्यू के जरिए किसी दूसरे व्यक्ति को बेची जा चुकी थी। बीमा कंपनी से नए मालिक का मोबाइल नंबर हासिल कर तकनीकी जांच की गई और आखिरकार आरोपी यादवेंद्र पुलिस के शिकंजे में आ गया।
आरोपी ने कबूल किया जुर्म, टीम की सराहना
पूछताछ में आरोपी ने पहले गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन लगातार पूछताछ के बाद चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर दोनों लैपटॉप बरामद कर लिए गए। आरोपी उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित बहलोलपुर का निवासी है और दसवीं पास है। वह उबर कैब चालक के रूप में काम करता था।कार्रवाई में हेड कांस्टेबल विवेक, कांस्टेबल रामकेश और कांस्टेबल नितेश शामिल रहे। टीम ने थाना प्रभारी के पर्यवेक्षण और एसीपी मयूर विहार के मार्गदर्शन में सफलता हासिल की। मामले की आगे जांच जारी है।












