नई दिल्ली: बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर हमलों को लेकर तनाव बढ़ गया है। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने अलग-अलग अभियानों में 20 पाकिस्तानी सैनिकों और कथित सहयोगियों को मार गिराया। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। BLA प्रवक्ता जियांद बलूच के मुताबिक, 21 नवंबर को नुश्की के हझदा खोल स्थित पाकिस्तानी सेना के 93 विंग कैंप पर हमला किया गया। इसमें संगठन की हवाई इकाई QAHR और फतेह स्क्वॉड शामिल थे।
BLA का दावा है कि QAHR ने 11 ड्रोन हमले किए और अन्य लड़ाकों ने कई दिशाओं से गोलीबारी की। संगठन के अनुसार, कैंप में आठ सैनिक मारे गए और सात घायल हुए। रेको में सैन्य काफिले पर हमले में तीन जवानों की मौत और चार के घायल होने का दावा किया गया। हारूनी में स्नाइपर हमले में दो सैनिक मारे जाने की बात भी कही गई। BLA ने कहा कि जरीन जंगल में पुल उड़ाने से सेना कई घंटे तक अतिरिक्त बल नहीं भेज सकी।
मस्तुंग और अन्य इलाकों में हमले
बयान के अनुसार, उसी दिन मस्तुंग के गुरगिना इलाके में आगे बढ़ रहे सैनिकों पर IED और फिर तीन जगहों पर हथियारों से हमले किए गए। BLA ने पांच जवानों की मौत, कई के घायल होने और सैन्य वाहनों को नुकसान पहुंचने का दावा किया। उसने पाकिस्तानी बलों पर नागरिक इलाकों में मोर्टार दागने और दुकानों में आग लगाने का आरोप भी लगाया। 22 नवंबर को चगाई जिले के तालो बर्तगजी में क्वेटा-ताफतान व्यापार मार्ग रोककर दो व्यावसायिक वाहन जब्त करने की बात कही गई। BLA ने वहां सैन्य काफिले पर हमले की जिम्मेदारी ली, लेकिन हताहतों की संख्या नहीं बताई। बुलेदा के जंतरी में एक सैनिक और किला अब्दुल्ला के गजाबंद में कथित डेथ स्क्वॉड सदस्य को मारने का दावा भी किया गया।
BLF ने भी हमलों के दावे किए
इससे पहले बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (BLF) ने 2 से 21 नवंबर के बीच 21 अभियानों में 36 सैन्य कर्मियों और राज्य समर्थित समूह के एक सदस्य को मारने का दावा किया था। संगठन के मुताबिक, 17 नवंबर को खुजदार में तीन हमलों में 20 सुरक्षाकर्मी मारे गए। उसने हाजी शहर, नुश्की, खारन और मस्तुंग में भी सैनिकों को मारने का दावा किया। इन दावों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।












