नई दिल्ली: यमुना खादर की सुनसान रात अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठी। चारों तरफ अंधेरा था, पुलिस ने घेराबंदी कर रखी थी और सामने था दिनदहाड़े हत्या के मामले में वांछित एक शातिर बदमाश। पुलिस की चुनौती मिलते ही आरोपी ने गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। जवाब में स्पेशल स्टाफ की टीम ने मोर्चा संभाला। दोनों तरफ से हुई मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी और आखिरकार पुलिस ने उसे दबोच लिया।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमान गाजी उर्फ नासिर कमाल उर्फ अमान उर्फ पहलवान (26) के रूप में हुई है। वह करावल नगर का रहने वाला है और संभल के तुरतीपुर का स्थायी निवासी है। आरोपी 16 नवंबर को खजूरी खास इलाके में जीरो पुश्ता सोनिया विहार के पास हुई समीर उर्फ भूरा की दिनदहाड़े हत्या के मामले में वांछित था।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
पुलिस के मुताबिक 25 नवंबर की रात करीब आठ बजे उपनिरीक्षक कौशिक घोष यादव को सूचना मिली कि हत्या का वांछित आरोपी हथियार लेकर अपने साथियों से मिलने इलाके में आने वाला है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अरविंद सिंह (प्रभारी स्पेशल स्टाफ) के नेतृत्व में टीम ने नानक सर से तीसरे पुश्ते की ओर श्मशान घाट के पास घेराबंदी कर दी। रात करीब 11:30 से 11:35 बजे आरोपी मोटरसाइकिल से पहुंचा।
चार गोलियां बदमाश की, छह पुलिस की
पुलिस टीम ने पहचान बताकर आरोपी को रुकने की चेतावनी दी, लेकिन उसने मोटरसाइकिल छोड़कर पुलिस पर चार राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली सिपाही मुकेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। उपनिरीक्षक कौशिक यादव ने पहले चेतावनी के तौर पर हवाई फायर किया, लेकिन आरोपी नहीं रुका। आत्मरक्षा में पुलिस ने छह राउंड फायरिंग की। इसमें एक गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी। उसे तुरंत काबू कर अस्पताल पहुंचाया गया।
पिस्टल, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद
मौके से एक अर्धस्वचालित पिस्टल, नौ जिंदा कारतूस, दो मैगजीन और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। जांच में बाइक ज्योति नगर इलाके से चोरी की निकली। आरोपी का नाम नसीम दुर्रानी के करीबी सहयोगी के रूप में सामने आया है। पुलिस के अनुसार समीर हत्याकांड में उसने कथित तौर पर साजिश में हिस्सा लिया और वारदात के दौरान हमलावरों की मोटरसाइकिल चलाई थी। हत्या के पीछे नसीम दुर्रानी और हारून सैफी के गुटों की पुरानी रंजिश बताई गई है।
इन पुलिसकर्मियों ने संभाला मोर्चा
कार्रवाई इंस्पेक्टर अरविंद सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कौशिक घोष यादव, अनुराग सिरोही, सुधीर लाटवाल, सहायक उपनिरीक्षक दीपक कुमार, अमित त्यागी, हेड कांस्टेबल दीपक शर्मा, आमिर तथा कांस्टेबल सुमित कुमार, मुकेश और नवीन की टीम ने की। पूरी कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त (ऑपरेशंस) की निगरानी में हुई। आरोपी पहले गांधी नगर थाने के सशस्त्र लूट के मामले में भी शामिल रहा है। न्यू उस्मानपुर थाने में पुलिस पर हमले, फायरिंग और अवैध हथियारों से संबंधित अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।












