पाकिस्तान में फजलुर रहमान की अपील पर सड़कों पर उतरे समर्थक, कराची से इस्लामाबाद तक हाईवे जाम

0
2

नई दिल्ली: पाकिस्तान में एक बार फिर राजनीतिक तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम-फजल (JUI-F) के कई बड़े नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद समर्थकों ने देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पार्टी प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान की अपील पर गुरुवार को कई जगह हाईवे और सड़कें जाम कर दी गईं। इसका असर पेशावर से लेकर कराची और बलूचिस्तान तक देखने को मिला। कई रास्तों पर यातायात प्रभावित होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।

पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, हिरासत में लिए जाने के बाद मौलाना फजलुर रहमान ने पार्टी कार्यकर्ताओं से देशभर में विरोध प्रदर्शन करने को कहा था। इसके बाद समर्थकों ने पेशावर मोटरवे समेत कई प्रमुख रास्तों पर आवाजाही रोक दी। इस्लामाबाद जाने वाले वाहनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। पेशावर टोल प्लाजा के पास भी यातायात रोक दिया गया। इस दौरान सीनेटर दरवेश भी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए।

जनसभा से पहले पुलिस ने की कार्रवाई

JUI-F के नेताओं को गुरुवार को सरगोधा में होने वाली जनसभा से पहले हिरासत में लिया गया था। पंजाब पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक सभाओं पर लगी पाबंदियों का उल्लंघन करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई। हालांकि, पार्टी ने पुलिस के इस कदम पर सवाल उठाए हैं और अपने नेताओं को तुरंत रिहा करने की मांग की है। फजलुर रहमान और शहबाज शरीफ सरकार के बीच लंबे समय से राजनीतिक मतभेद चल रहे हैं। फजलुर रहमान पहले पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (PDM) गठबंधन के अहम सहयोगी थे। साल 2022 में इमरान खान की सरकार हटाने में भी उनकी भूमिका रही थी। हालांकि, बाद में वह विपक्ष में चले गए और इमरान खान की पार्टी PTI के करीब आ गए।

आसिम मुनीर के भी आलोचक हैं मौलाना

फजलुर रहमान को पाकिस्तान के सैन्य प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर का आलोचक माना जाता है। वह सैन्य प्रतिष्ठान की भूमिका पर लगातार सवाल उठाते रहे हैं। इसके अलावा खैबर पख्तूनख्वा और खनिज संसाधनों जैसे मुद्दों पर भी सरकार की आलोचना करते रहे हैं।
JUI-F के प्रवक्ता असलम गौरी ने पंजाब प्रशासन पर सरगोधा में होने वाली जनसभा को रोकने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी नेताओं के घरों पर छापेमारी की जा रही है। पार्टी ने अपने नेताओं की रिहाई की मांग करते हुए साफ किया है कि वह इस कार्रवाई के खिलाफ पीछे हटने को तैयार नहीं है। इससे पाकिस्तान में सरकार और विपक्ष के बीच तनाव और बढ़ने की आशंका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here