दिल्ली में अवैध रूप से रह रहा बांग्लादेशी परिवार पकड़ा, बारा हिंदू राव में तीन पुलिस यूनिटों का संयुक्त ऑपरेशन

0
1

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और सत्यापन को लेकर उत्तर जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बारा हिंदू राव इलाके में तीन पुलिस इकाइयों की संयुक्त टीम ने एक परिवार के छह सदस्यों को चिह्नित किया है। पुलिस के अनुसार सभी छह लोग बांग्लादेशी नागरिक हैं और वैध पासपोर्ट तथा वीजा के बिना दिल्ली में रह रहे थे। इनमें दो नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं। सत्यापन के बाद सभी को आगे की कार्रवाई के लिए विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के समक्ष पेश किया गया है।

खुफिया सूचना पर बना ऑपरेशन

उत्तरी जिला डीसीपी निहारिका भट्ट ने बताया कि गोपनीय सूत्र से बारा हिंदू राव क्षेत्र में विदेशी नागरिकों के कथित अवैध रूप से रहने की सूचना मिली थी। इसके बाद एंटी नारकोटिक्स सेल, स्पेशल टास्क फोर्स और विदेशी नागरिक प्रकोष्ठ की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सरकारी बालिका विद्यालय के पास लक्षित कार्रवाई करते हुए मोहम्मद जहांगीर हुसैन को पकड़ा।

पूछताछ में खुला परिवार का राज

पूछताछ में जहांगीर ने खुद को बांग्लादेशी नागरिक बताया और स्वीकार किया कि वह अपने परिवार के साथ वैध यात्रा एवं आव्रजन दस्तावेजों के बिना भारत में रह रहा था। इसके बाद पुलिस ने उसके परिवार के पांच अन्य सदस्यों को भी तलाशकर सत्यापन के लिए हिरासत में लिया।

दस्तावेजों से हुई नागरिकता की पुष्टि

पुलिस ने सभी छह लोगों की बांग्लादेशी नागरिकता से संबंधित दस्तावेज जुटाकर रिकॉर्ड में शामिल किए। परिवार दिल्ली के सदर बाजार स्थित आजाद मार्केट इलाके में रह रहा था। उनका स्थायी पता बांग्लादेश के नारायणगंज जिले के सोनारगांव थाना क्षेत्र के गांव त्रिपुरदी का दर्ज किया गया है।

एफआरआरओ ने जारी किया प्रतिबंध आदेश

सभी का अरुणा आसफ अली अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। 26 नवंबर को उन्हें दिल्ली एफआरआरओ के सामने पेश किया गया। इसके बाद आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम, 2025 के तहत आदेश जारी कर छहों की आवाजाही सराय रोहिल्ला स्थित शाहजादा बाग के सेवा सदन तक सीमित कर दी गई। आगे की प्रक्रिया पूरी होने तक यह प्रतिबंध लागू रहेगा।

पुलिस टीम की भूमिका

कार्रवाई में निरीक्षक आशीष कुमार दुबे के नेतृत्व और एसीपी ऑपरेशंस विशेष धत्तरवाल के मार्गदर्शन में एंटी नारकोटिक्स सेल से एसआई प्रवीण, हेड कांस्टेबल राहुल, सौरव और कांस्टेबल दीपांशु, एसटीएफ से एएसआई राजीव और कांस्टेबल निशांत तथा विदेशी नागरिक प्रकोष्ठ से एसआई प्रदीप और कांस्टेबल सतेंद्र शामिल रहे। डीसीपी निहारिका भट्ट के अनुसार, संयुक्त कार्रवाई के बाद सत्यापन रिपोर्ट सक्षम प्राधिकारी को सौंप दी गई है और आगे की प्रक्रिया जारी है।

 

Reported By: Pankaj Rai 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here