गेमिंग की लत बनी रिश्ते की दुश्मन, पत्नी ने ऑनलाइन गेमर्स को दी पति की हत्या की सुपारी

0
1

नई दिल्ली: ऑनलाइन गेम का शौक कई बार इतना बढ़ जाता है कि इंसान को खाने-पीने और सोने तक का होश नहीं रहता। कुछ ऐसा ही हाल चीन में एक शख्स का था। वह रात-रात भर गेम खेलता था, जिससे उसकी पत्नी काफी परेशान हो गई। समझाने पर भी जब बात नहीं बनी, तो पत्नी ने उसे सबक सिखाने के लिए उसी के गेम का सहारा लिया। इसके बाद जो हुआ, उसने सबको हैरान कर दिया।

तीन रातों तक सुबह 4 बजे तक खेलता था गेम

यह मामला चीन के गुआंगडोंग प्रांत का बताया जा रहा है। यहां चेन नाम की महिला का पति ली वर्ल्ड ऑफ वॉरक्राफ्ट नाम का ऑनलाइन गेम खेलता था। पत्नी के मुताबिक, वह लगातार तीन रातों तक सुबह 3 से 4 बजे तक गेम में लगा रहता था। इससे न सिर्फ उसकी नींद खराब हो रही थी, बल्कि घर का माहौल भी बिगड़ रहा था। पत्नी चाहती थी कि पति समय पर गेम बंद करके सोने आ जाए, लेकिन पति पर उसकी किसी बात का असर नहीं हो रहा था। आखिर में चेन ने सोचा कि क्यों न पति को उसी की दुनिया में हराकर समझाया जाए।

पत्नी ने गेमर्स से मांगी मदद

14 नवंबर को चेन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें उसका पति गेम खेलता नजर आ रहा था। वीडियो में महिला ने दूसरे गेमर्स से अपील की कि वे रात करीब 1 बजे गेम में उसके पति को ढूंढकर बार-बार हराएं, ताकि वह तंग आकर गेम छोड़ दे। महिला ने पति की गेम आईडी भी बता दी। उसके पति की आईडी ‘tiantiankaixin’ थी, जिसका मतलब होता है ‘हर दिन खुश रहो’। उसने गेम में पति के किरदार और उसकी लोकेशन की जानकारी भी शेयर कर दी। शुरुआत में लोगों को यह मजाक लगा। लेकिन जब पति ने पूरे भरोसे के साथ कहा कि उसे कोई ढूंढ ही नहीं सकता, तो गेमर्स ने इसे चुनौती की तरह ले लिया।

तीन घंटे तक चलता रहा पीछा

इसके बाद कई खिलाड़ी ली को ढूंढने में जुट गए। कुछ ने रात में अलार्म लगाकर गेम में लॉग इन किया, तो कुछ उसके खेलने वाली जगह पर पहले से ही इंतजार करने लगे। एक मौके पर करीब तीन घंटे तक खिलाड़ियों ने उसके किरदार को बार-बार हराया। गेम में हारने के बाद किरदार को दोबारा जिंदा होकर लौटने के लिए एक प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। ली को भी बार-बार यही करना पड़ा। इसी दौरान इसी नाम से खेलने वाले दूसरे लोगों को भी गलती से निशाना बना लिया गया। एक खिलाड़ी ने मजाक में कहा कि अब ‘हर दिन खुश रहो’ वाला ‘हर दिन दुखी रहो’ बन गया है।

अगले ही दिन बदल गई आदत

पत्नी की यह तरकीब काम कर गई। चेन के मुताबिक, अगले ही दिन उसका पति रात 12 बजे से पहले सोने चला गया। पूरे साल में यह पहली बार था, जब वह इतनी जल्दी सोया था। बाद में पति ने अपना किरदार बदलकर छिपने की कोशिश भी की, लेकिन खिलाड़ी उसे ढूंढते रहे। मजेदार बात यह रही कि गेम के आधिकारिक चीनी अकाउंट ने भी इस घटना पर मजाकिया वीडियो पोस्ट किया। अब ली रात करीब 11 बजे तक गेम बंद कर देता है। सोशल मीडिया पर लोग पत्नी के इस अनोखे तरीके की खूब तारीफ कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here