नई दिल्ली: नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर से एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में भगवा कपड़े पहने, सिर पर पगड़ी बांधे एक साधु तीन विदेशी युवकों से बहस करते नजर आ रहे हैं। विदेशी युवक हाथ में पर्चे लेकर साधु को ईसाई धर्म और बाइबल का पाठ पढ़ाने पहुंचे थे, लेकिन साधु की फर्राटेदार अंग्रेजी और तर्कों के सामने वे टिक नहीं पाए। बताया जा रहा है कि तीनों युवक शायद अमेरिकी हैं। वे मंदिर में बैठे साधु के पास पहुंचे और उन्हें जीसस और बाइबल के बारे में समझाने लगे। उन्होंने दावा किया कि वे उन्हें परम सत्य बताने आए हैं। बस यहीं से बहस शुरू हो गई।
साधु ने शुरुआत में ही दो-टूक कह दिया कि वे ईसाई धर्म के बारे में इन लड़कों से कहीं ज्यादा जानते हैं। इसलिए उन्हें ज्ञान देने की जरूरत नहीं है। जब विदेशी लड़के अड़ गए कि बाबा असली सत्य नहीं जानते, तो साधु ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि वे खुद अध्यात्म के रास्ते पर हैं।
धर्म से पॉलिटिक्स पर आ गई बहस
इसके बाद साधु ने बात को धर्म से हटाकर ग्लोबल पॉलिटिक्स और बिजनेस पर ला दिया। खुद को इंग्लैंड का पूर्व कारोबारी बताने वाले साधु ने आरोप लगाया कि अमेरिका और इंग्लैंड जैसे पश्चिमी देश चीन के पैसे और संपत्तियों का जमकर इस्तेमाल करते हैं। लेकिन जब कर्ज चुकाने की बारी आती है, तो चीन को ही विलेन बना देते हैं।
Christian Missionaries dialled the wrong number. They tried to preach Jesus and convert a Hindu Sadhu Maharaj ji who owned them like a boss. Reverse uno! 🔥 https://t.co/DrCim9Kg4X
— Alpakanya (@Alpakanya) November 27, 2026
साधु ने चुटकी लेते हुए कहा कि लोग जिंदगी भर पैसे के पीछे भागकर पाप करते हैं। और जब जेब खाली हो जाती है, तो खुद को दूध का धुला साबित करने के लिए धर्म का चोला ओढ़ लेते हैं। उनकी यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। आसपास खड़े लोग और गाइड इस पूरी बहस का वीडियो बनाने लगे, जो बाद में वायरल हो गया।
जॉन 3:16 पर साधु का करारा जवाब
बहस तब और गरम हो गई जब एक विदेशी लड़के ने जाने से पहले बाइबल की मशहूर आयत जॉन 3:16 का हवाला दिया। उसने कहा कि ईश्वर ने दुनिया को बचाने के लिए अपने इकलौते बेटे ईसा मसीह को कुर्बान कर दिया। इस पर साधु ने कहा, इसमें क्या नया है? मैं और मेरे जैसे न जाने कितने साधु इस मिट्टी में विलीन हो जाने तक अपना पूरा जीवन जगत कल्याण के लिए समर्पित कर रहे हैं।
न नाम बताया, न हाथ मिलाया
जब विदेशी लड़कों को लगा कि तर्कों में बाबा के सामने नहीं टिक सकते, तो उन्होंने सम्मान के नाते बाबा का नाम पूछा और हाथ मिलाने के लिए हाथ आगे बढ़ाया। लेकिन बाबा का मिजाज यहां भी सख्त रहा। उन्होंने दो-टूक जवाब दिया, मेरा कोई नाम नहीं है और मैं किसी से हाथ नहीं मिलाता। इसके बाद बिना किसी समझौते के यह बहस वहीं खत्म हो गई।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इंटरनेट पर इस वीडियो को लेकर लोग दो गुटों में बंट गए हैं। त्रिशूल अपडेट्स नाम के यूजर ने बाबा का समर्थन करते हुए उन्हें असली हिंदू बताया। वहीं शेखर नाम के यूजर ने विदेशी लड़कों पर तंज कसा कि सिर्फ एक किताब पढ़कर ये युवा खुद को बहस का उस्ताद समझने लगे थे। दूसरी तरफ, केपीएच नाम के यूजर ने बाबा के अड़ियल व्यवहार की आलोचना की और लिखा कि बाबा का यह रूप सड़क पर आक्रामक होकर बहस करने वाले किसी नास्तिक जैसा ही रूखा था।












