मथुरा: रिफाइनरी क्षेत्र में रविवार को खाली पेट्रोल टैंकर की मरम्मत के दौरान हुए भीषण विस्फोट ने दो लोगों की जान ले ली। बाद रेलवे पुल के समीप टैंकर के अंदर वेल्डिंग करते समय अचानक धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि टैंकर के अंदर काम कर रहे वेल्डर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पास में मौजूद उसका हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान हेल्पर ने भी दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
वेल्डिंग की चिंगारी से टैंकर में हुआ विस्फोट
जानकारी के अनुसार, बाद रेलवे पुल के पास एक खाली पेट्रोल टैंकर खड़ा था। टैंकर में लीकेज होने के कारण उसकी मरम्मत का काम कराया जा रहा था। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे वेल्डर टैंकर के भीतर पहुंचकर लीकेज वाले स्थान पर वेल्डिंग कर रहा था। बताया गया है कि टैंकर खाली होने के बावजूद उसके अंदर पेट्रोल के अवशेषों से ज्वलनशील गैस बनी हुई थी। इसी दौरान वेल्डिंग की चिंगारी से गैस ने आग पकड़ ली और जोरदार विस्फोट हो गया।
वेल्डर और हेल्पर की उपचार के दौरान मौत
धमाके की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे में टैंकर के अंदर काम कर रहा वेल्डर बुरी तरह झुलस गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, टैंकर के पास मौजूद हेल्पर भी विस्फोट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सुरक्षा इंतजामों की जांच में जुटी पुलिस
दो लोगों की मौत के बाद पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच का प्रमुख बिंदु यह है कि खाली टैंकर के अंदर ज्वलनशील गैस कैसे मौजूद थी और वेल्डिंग से पहले टैंकर की गैस फ्री करने सहित आवश्यक सुरक्षा प्रक्रिया अपनाई गई थी या नहीं। पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। हादसे ने पेट्रोलियम पदार्थों के टैंकर की मरम्मत के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।












