छठ पूजा पर सुरक्षा का अभेद्य पहरा, घाटों से सड़कों तक पुलिस का रहेगा कड़ा पहरा

0
5

नोएडा: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सुरक्षा का खाका तैयार करना शुरू कर दिया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़, पूजा घाटों पर व्यवस्थाओं और यातायात के दबाव को देखते हुए सेन्ट्रल नोएडा पुलिस ने तैयारियों को लेकर कमर कस ली है। इसी कड़ी में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह एवं अपर पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने जोन के सभी सहायक पुलिस आयुक्तों और थाना प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।

बैठक में छठ पूजा स्थलों एवं घाटों की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सभी पूजा स्थलों और घाटों का पहले से निरीक्षण करें। आयोजकों तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कराई जाएं।

सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

डीसीपी ने निर्देश दिया कि घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे, नियमित गश्त हो और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए। यातायात बाधित न हो, इसके लिए प्रभावी प्रबंधन किया जाए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मी पूरी तरह तैयार रहें। असामाजिक और शरारती तत्वों पर विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।

आस्था का सम्मान, सुरक्षा का पूरा इंतजाम

पुलिस अधिकारियों ने आपसी समन्वय और सतर्कता के साथ पर्व को सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने का संकल्प लिया। पुलिस का लक्ष्य साफ है श्रद्धालु निश्चिंत होकर सूर्यदेव की उपासना करें और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रहे।

Image Courtesy/ Prem Kaushik
 Image Courtesy/ Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here