मुफ्त आवास का सपना दिखाकर युवती से दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने का आरोप

0
7

वृंदावन: प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मुफ्त मकान दिलाने का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने पहले युवती को सरकारी आवास दिलाने का भरोसा दिया और फिर प्रेम मंदिर के पास स्थित एक गेस्टहाउस में बुलाकर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। युवती के बेसुध होने पर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपित ने मोबाइल से अश्लील वीडियो भी बना लिया। होश आने पर वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने और पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर वृंदावन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपित ने फोन करके भरोसे में लिया

पीड़िता छाता क्षेत्र की रहने वाली है। उसने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि कुछ दिन पहले उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से लगातार फोन आने लगे। फोन करने वाले ने अपना नाम अनिल बताया और कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उसका चयन हो गया है। उसे मुफ्त आवास दिलाया जाएगा। आरोप है कि 30 अक्टूबर को आरोपित ने सरकारी फार्म भरवाने और हस्ताक्षर कराने के बहाने उसे छटीकरा चौराहे पर बुलाया। यहां उसे प्लाट दिखाकर आवास योजना के बारे में जानकारी दी और भरोसे में ले लिया।

गेस्टहाउस में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म

पीड़िता के अनुसार, पांच नवंबर को दोपहर करीब 3:45 बजे आरोपित ने उसे प्रेम मंदिर के पास स्थित एक गेस्टहाउस में बुलाया। उसने बताया कि वहां अधिकारी आएंगे और आवास योजना से संबंधित फार्म भरवाए जाएंगे। उसकी बातों पर विश्वास करके युवती गेस्टहाउस पहुंच गई। आरोप है कि वहां आरोपित ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। कुछ देर बाद वह बेसुध होने लगी तो आरोपित ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया और मोबाइल से अश्लील वीडियो बना लिया।

धमकी और पुलिस में शिकायत

पीड़िता ने आरोप लगाया कि होश में आने के बाद आरोपित ने उसे धमकाया कि यदि उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर देगा। कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। भयभीत पीड़िता ने वृंदावन थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here