नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और एनसीआर में रंगदारी, हथियारों की सप्लाई और गैंगवार की साजिश रचने वाले कुख्यात रोहित गोदारा–लिपिन नेहरा गिरोह के नेटवर्क पर दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ा प्रहार किया है। क्राइम ब्रांच की एंटी गैंगस्टर स्क्वॉड (एजीएस) ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पांच अत्याधुनिक अवैध हथियार, छह जिंदा और पांच खाली कारतूस, पांच मोबाइल फोन तथा अपराध में इस्तेमाल की गई एक टोयोटा फॉर्च्यूनर और एक महिंद्रा थार गाड़ी बरामद की गई है।
गुप्त सूचना से खुला नेटवर्क
क्राइम ब्रांच स्पेशल सीपी एचजीएस धालीवाल ने बताया कि क्राइम ब्रांच टीम को सूचना मिली थी कि विदेश में बैठे गिरोह के सरगना एन्क्रिप्टेड सिग्नल एप के जरिए भारत में अपने गुर्गों को आपराधिक वारदातों के निर्देश दे रहे हैं। इसके बाद एजीएस टीम ने निगरानी और खुफिया जानकारी जुटाकर कार्रवाई शुरू की।
द्वारका में पहली गिरफ्तारी
5 अक्टूबर को यूईआर-द्वितीय द्वारका के पास पुलिस ने महिंद्रा थार को रोककर प्रदीप को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस मिले। इस संबंध में छह अक्टूबर को क्राइम ब्रांच थाने में एफआईआर नंबर 230/26 दर्ज की गई।
हथियार सप्लायरों तक पहुंची पुलिस
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दिनेश उर्फ दीनू को बिजवासन-छावला रोड के पास फॉर्च्यूनर समेत दबोचा। गाड़ी से एक पिस्तौल, दो जिंदा और पांच खाली कारतूस मिले। इसके बाद नौ नवंबर को झज्जर से राजेश उर्फ छोटा को गिरफ्तार कर एक रिवॉल्वर बरामद किया गया। निखिल उर्फ सत्ती को 22 अक्टूबर को तिहाड़ जेल से इस मामले में गिरफ्तार किया गया, जबकि 22 नवंबर को गुरुग्राम से नवीन उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर दो सिंगल शॉट पिस्तौल बरामद की गईं।
रंगदारी और हत्या की साजिश का खुलासा
जांच में आरोपियों की भूमिका गुरुग्राम के फर्रुखनगर में दर्ज रंगदारी के एक सनसनीखेज मामले से भी जुड़ी मिली। पुलिस के अनुसार, आरोपी कारोबारियों और प्रॉपर्टी डीलरों की जानकारी जुटाने, अवैध हथियार पहुंचाने तथा रंगदारी की रकम गिरोह के सदस्यों तक पहुंचाने में सक्रिय थे। इस नेटवर्क के तार रोहित गोदारा और लिपिन नेहरा से जुड़े होने की बात सामने आई है।
एजीएस टीम की कार्रवाई
यह अभियान इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। टीम में एसआई अगम प्रसाद, मुकेश कुमार, नरेंद्र कुमार, गोविंद, रंधावा, ब्रजलाल, एएसआई सुरेंद्र कुमार, मिंटू, धर्मराज, दीपक, हेड कांस्टेबल पप्पू, श्याम सुंदर, तारिक, अनूप और कांस्टेबल धीरज शामिल रहे। एसीपी भगवती प्रसाद की निगरानी तथा डीसीपी क्राइम ब्रांच हर्ष इंदौरा के निर्देशन में पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।क्राइम ब्रांच के अनुसार, मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25(7) भी जोड़ी गई है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क हथियारों के स्रोत और अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है।












