नई दिल्ली: इंटरनेट की आड़ में देश के युवाओं को आतंकवाद की आग में झोंकने की साजिश रचने वाले आईएसआईएस नेटवर्क को एक और बड़ा कानूनी झटका लगा है। कुख्यात ‘वॉइस ऑफ हिंद’ आतंकी साजिश मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पांचवें आरोपी को भी अदालत से दोषी करार दिलाने में सफलता हासिल की है। दिल्ली की राउज एवेन्यू जिला अदालत परिसर स्थित एनआईए की विशेष विशेष अदालत-01 ने आरोपी तौहीद लतीफ सोफी को दोषी ठहराते हुए पांच वर्ष के कठोर कारावास और 12 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। आरोपी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार करते हुए दोष स्वीकार किया था।
2021 में दर्ज मामले में आईएसआईएस की साजिश का खुलासा
एनआईए के मुताबिक यह मामला वर्ष 2021 में दर्ज प्राथमिकी संख्या आरसी-14/2021/एनआईए/डीएलआई से जुड़ा है। जांच में सामने आया कि आतंकी संगठन आईएसआईएस भारत में युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और उन्हें हिंसक जिहाद के लिए उकसाने की साजिश रच रहा था। इसके लिए विदेशों में सक्रिय आतंकियों और भारत में मौजूद उनके सहयोगियों ने फर्जी ऑनलाइन पहचान के जरिए प्रचार नेटवर्क तैयार किया था।
‘वॉइस ऑफ हिंद’ के जरिए आतंकी प्रचार का आरोप
जांच एजेंसी के अनुसार, इस नेटवर्क के सदस्य ‘सावत-अल-हिंद’ यानी ‘वॉइस ऑफ हिंद’ नामक भारत केंद्रित आतंकी प्रचार पत्रिका तैयार करने, संपादित करने, प्रकाशित करने और इंटरनेट पर प्रसारित करने में शामिल थे। इसके जरिए युवाओं को सीरिया, इराक, अफगानिस्तान समेत संघर्षग्रस्त क्षेत्रों में तथाकथित हिजरत के लिए भी प्रेरित किया जा रहा था।
डिजिटल सबूतों से जांच में मिली अहम जानकारी
एनआईए की जांच टीम ने छापेमारी और जांच के दौरान पत्रिका की पीडीएफ प्रतियां, मारे गए आतंकियों के पोस्टर, कट्टरपंथी साहित्य, आईएसआईएस प्रचार सामग्री के इंटरनेट लिंक, संगठन के झंडे वाली टी-शर्ट, संदिग्ध बातचीत, हथियारों की खरीद से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग और वैचारिक युद्ध से संबंधित सामग्री बरामद की थी। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को दोषी ठहराया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई जारी है।












