नई दिल्ली: देश के युवाओं को आतंकवाद की आग में झोंकने और इंटरनेट के जरिए आईएसआईएस का खतरनाक प्रचार-प्रसार करने की साजिश पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने एक और बड़ी कानूनी जीत हासिल की है। चर्चित ‘वॉयस ऑफ हिंद’ आतंकी साजिश मामले में पांचवें आरोपी तौहीद लतीफ सोफी को भी अदालत ने दोषी ठहरा दिया है। आरोपी द्वारा अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार करने के बाद एनआईए की विशेष अदालत ने उसे पांच साल के कठोर कारावास और 12 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
अदालत में कबूल किया गुनाह
29 नवंबर 2026 को एनआईए ने जानकारी दी कि दिल्ली के राउज एवेन्यू जिला न्यायालय परिसर स्थित विशेष विशेष अदालत-01 ने 28 नवंबर को आरोपी को सजा सुनाई। इस मामले में पांच आरोपी दोष स्वीकार करने के बाद दोषी ठहराए जा चुके हैं, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ सुनवाई जारी है।
आईएसआईएस की भारत विरोधी साजिश
मामला एनआईए की प्राथमिकी संख्या RC-14/2021/NIA/DLI से जुड़ा है। जांच में खुलासा हुआ कि आईएसआईएस ने भारत के युवाओं को कट्टरपंथी बनाने, संगठन में भर्ती करने और भारतीय राज्य के खिलाफ हिंसक जिहाद के लिए उकसाने की साजिश रची थी। इसके लिए विदेशों में सक्रिय आतंकियों और भारत में मौजूद सहयोगियों ने छद्म ऑनलाइन पहचान के जरिए नेटवर्क तैयार किया था।
डिजिटल दुनिया को बनाया हथियार
जांच एजेंसी के मुताबिक, साइबर नेटवर्क से जुड़े लोगों ने ‘सौत-अल-हिंद’ यानी ‘वॉयस ऑफ हिंद’ नामक भारत केंद्रित आईएसआईएस प्रचार पत्रिका की सामग्री तैयार करने, संपादन, प्रकाशन और प्रसार में भूमिका निभाई। युवाओं को सीरिया, इराक, अफगानिस्तान और अन्य संघर्ष क्षेत्रों में तथाकथित हिजरत के लिए भी प्रेरित किया जा रहा था।
छापेमारी में मिले डिजिटल सबूत
एनआईए की जांच के दौरान बड़ी संख्या में आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य बरामद हुए। इनमें पत्रिका की पीडीएफ प्रतियां, मारे गए आतंकियों के पोस्टर, कट्टरपंथी साहित्य, आईएसआईएस प्रचार सामग्री के इंटरनेट लिंक, संगठन के झंडे वाली टी-शर्ट, चैट, हथियार खरीदने से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग और मनोवैज्ञानिक युद्ध से संबंधित सामग्री शामिल थी।
एनआईए की जांच जारी
इस मामले में पांच आरोपियों को सजा मिलने के बावजूद जांच और न्यायिक प्रक्रिया का अगला चरण जारी है। शेष आरोपियों के खिलाफ अदालत में मुकदमा चल रहा है।












