जनता दल यूनाइटेड की ओर से एक बार फिर से नीतीश कुमार की सर्वसम्मति के साथ पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना है. उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष पद निर्विरोध से मिल गया है. नामांकन करने की आखिरी तारीख आज सुबह 11 बजे तक दी गई थी. इस दौरान नीतीश कुमार के अलावा किसी दूसरे नेता ने नामांकन नहीं भरा. इसी के साथ नीतीश कुमार निर्विरोध रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए हैं.
जेडीयू की ओर से जारी प्रेस रिलीज करते हुए बताया गया कि अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने का समय सुबह 11 बजे तक तय था, इस दौरान कोई दूसरा उम्मीदवार सामने नहीं आया. इसलिए निर्वाचन अधिकारी के पास सिर्फ नीतीश कुमार का नामांकन ही बचा .
कुछ समय बाद दिया जाएगा प्रमाण पत्र
मिल रही जानकारी के मुताबिक आज दोपहर 2:30 बजे निर्वाचन अधिकारी अनिल प्रसाद हेगड़े नीतीश कुमार को निर्वाचित घोषित करने का प्रमाण पत्र देंगे. इस मौके पर पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे. नीतीश कुमार के नामांकन के समय संजय कुमार झा और श्रवण कुमार समेत बिहार और अन्य राज्यों के वरिष्ठ नेता साथ गए थे.
नीतीश कुमार इस पद पर चौथी या पांचवीं बार बैठने वाले हैं. इससे पहले दिसंबर 2023 में ललन सिंह ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था, उस समय जेडीयू महागठबंधन में शामिल थी. नीतीश कुमार इंडिया ब्लॉक बनाने की कोशिशों में जुटे हुए थे. ललन सिंह के इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने पार्टी की कमान संभाली. कुछ ही दिनों बाद जेडीयू ने आरजेडी से नाता तोड़कर बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए में वापसी कर ली.
बिहार की राजनीति में उथल-पुथल
नीतीश कुमार ने कुछ दिनों पहले बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद वे राज्यसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंच गए. अब वे जेडीयू की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभालेंगे. नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद उनके बेटे निशांत कुमार ने राजनीतिक दुनिया में कदम रखा दिया है. जेडीयू में शामिल होने के बाद उन्होंने सक्रिय भूमिका निभानी शुरू कर दी है. कुछ लोगों का कहना है कि निशांत कुमार को बिहार का डिप्टी सीएम भी बनाया जा सकता है. हालांकि अभी मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस बना हुआ है. नीतीश कुमार का निर्वोध चुना जाना पार्टी की एकता का संदेश है.
















