नई दिल्ली: दिवाली का त्योहार इस बार भी पूरे देश में बड़े धूमधाम से मनाया गया। रविवार को लोगों ने घरों में लक्ष्मी-गणेश की पूजा की, दीये जलाए और इसके साथ ही देर रात तक पटाखे भी जलाए गए। लेकिन खुशियों के बीच कई शहरों से आग लगने की दुखद खबरें भी सामने आईं। कहीं फैक्ट्री जली, कहीं गोदाम, कहीं शोरूम तो कहीं बाजार की दुकानें। इतना ही नहीं कई जगहों पर शॉर्ट सर्किट भी आग की वजह बना।
नजफगढ़ की फैक्ट्री में लगी आग
राजधानी दिल्ली में सबसे बड़ी घटना नजफगढ़ के नांगली सकरावती इलाके से सामने आई। यहां एक गारमेंट फैक्ट्री में शाम को भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि उसे बुझाने के लिए 25 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजना पड़ा। वहीं नरेला में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां रॉकेट के पेट में लगने से 10 साल के एक बच्चे की मौत हो गई।
गाजियाबाद के विजयनगर में भी लगी आग
दिल्ली से सटे गाजियाबाद के विजयनगर औद्योगिक क्षेत्र में भी हालात बिगड़ गए। यहां नोवा बोल्ट प्लास्टिक कंपनी में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री में प्लास्टिक की कुर्सियां बनाने का सामान रखा था, जिस वजह से आग तेजी से फैली। एक दर्जन से ज्यादा दमकलों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इन राज्यों में भी लगी आग
हरियाणा के सोनीपत की बड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में भी आग ने तबाही मचा दी। यहां जूसर-मिक्सर बनाने वाली नॉर्थ वेस्ट इंडस्ट्रीज की फैक्ट्री में लगी आग से बड़ी मात्रा में सामान जलकर राख हो गया। महाराष्ट्र में नागपुर के सावरकर नगर में स्थित टीवीएस बाइक शोरूम में पटाखों की चिंगारी से आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरे शोरूम में फैल गई और कई बाइक जल गईं। पुणे में अकेले दिवाली के दिन आग की 63 घटनाएं दर्ज की गईं।
बिहार की राजधानी पटना में कृष्णा स्टील गोदाम में आग लगने से लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक और स्टील का सामान जल गया। मनेर में पटाखे की चिंगारी से कबाड़ की दुकान में आग लगी, जिससे वहां रखा सारा सामान नष्ट हो गया। तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के कटेदन इंडस्ट्रियल एरिया में प्लास्टिक ग्रेन्यूल बनाने वाली फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से आग लगी और लाखों का माल जल गया।
राजस्थान में दो लोगों की मौत
राजस्थान के पाली में पटाखों की दुकान में लगी आग से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन दुकानें और कई दोपहिया वाहन भी जल गए। जम्मू के नेहरू मार्केट में आग से 12 से ज्यादा दुकानें जल गईं। वहीं दक्षिण सिक्किम के नामची में 1975 में बने पुराने अस्पताल परिसर में भी देर शाम आग लगी, हालांकि वहां ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। राज्य सरकार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।












