जमानत पर छूटे व्यक्ति ने पत्नी-बच्चों समेत 6 लोगों को उतारा मौत के घाट, इलाके में मची सनसनी

0
26
Ranga Reddy
Ranga Reddy

नई दिल्ली: तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक 35 वर्षीय व्यक्ति पर अपनी ही पत्नी, दो मासूम बेटों और एक नाबालिग लड़की समेत कुल छह लोगों की हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया है और उसकी तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं. लेकिन क्या है पूरा मामला चलिए जानते है. 

कब दिया घटना को अंजाम 

प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी राजकुमार ने शुक्रवार रात सबसे पहले शाबाद स्थित अपने घर में पत्नी पार्वती सरिता और अपने चार व एक साल के दो बेटों की कथित तौर पर हत्या कर दी. इसके बाद वह उस 17 वर्षीय किशोरी के घर पहुंचा, जिसने मई में उसके खिलाफ यौन उत्पीड़न और पीछा करने का आरोप लगाते हुए पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था. आरोप है कि वह किशोरी को कार में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले गया और उसकी हत्या कर दी. इतना ही नहीं इसके बाद उसने किशोरी की मां और नानी की भी जान ले ली. हालांकि, घर में मौजूद किशोरी की दिव्यांग बहन को उसने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया.

वारदात के बाद आरोपी ने अपने पिता को फोन कर कथित तौर पर सभी हत्याओं की जानकारी दी और यह भी कहा कि वह आत्महत्या करने जा रहा है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि आत्महत्या की पुष्टि नहीं हुई है और आरोपी अभी भी फरार है.

2018 में हुआ थी लब मैरिज 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राजकुमार और उसकी पत्नी ने वर्ष 2018 में प्रेम विवाह किया था. उनके तीन बच्चे थे, जिनमें बड़ी बेटी की पहले ही बचपन में मृत्यु हो चुकी थी. मई 2026 में नाबालिग लड़की की शिकायत के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था. उस पर लड़की का पीछा करने और उस पर संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप था. हालांकि गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत से अग्रिम जमानत मिल गई थी.

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से मानसिक अस्थिरता, जुए की लत और आर्थिक कर्ज जैसी समस्याओं से जूझ रहा था. पुलिस के अनुसार, उसे पहले भी कई बार काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था. हालांकि अभी तक इस बात को लेकर कोई भी जानकारी सामने नहीं आई कि आरोपी ने अपनी पत्नि और बच्चे को क्यों मारा लेकिन पुलिस इसका पता लगाने के लिए लगातार जांच में जुटी हुई है. 

घटनास्थल से इकट्ठे किए सबूत 

बता दें, मामले के सामने आने के बाद फोरेंसिक टीमों ने दोनों घटनास्थलों से साक्ष्य जुटा लिए हैं. पुलिस हत्या के पीछे की सटीक वजह और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा. 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here