नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर एक कंटेंट क्रिएटर का वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने भारत में एक बच्चे की परवरिश पर होने वाले खर्च का अनुमान लगाया है. बता दें, वायरल वीडियो में किए गए दावों ने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी है. कुछ लोग उनकी अनुमान को सही मान रहे हैं, जबकि कई यूजर्स इससे पूरी तरह असहमत नजर आ रहे हैं. चलिए देखते है उन्होंने वीडियो में कैसा अनुमान लगाया है.
गर्भावस्था और डिलीवरी के खर्च से की शुरुआत
वीडियो की शुरुआत में कंटेंट क्रिएटर बताते हैं कि वह क्यों मानते हैं कि बच्चे की परवरिश आज के समय में बेहद महंगी हो चुकी है. उनका दावा है कि बच्चे के जन्म से लेकर उसके बड़े होने तक माता-पिता को करोड़ों रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं. उन्होंने इस अनुमानित खर्च की शुरुआत गर्भावस्था और डिलीवरी के खर्च से की.
उनके अनुसार, प्रेग्नेंसी से लेकर बच्चे के जन्म तक करीब 3 लाख रुपये का खर्च हो सकता है. इसके बाद उन्होंने नवजात शिशु के शुरुआती खर्चों में डायपर, बेबी फूड, कार सीट, स्ट्रॉलर और अन्य जरूरी सामान को शामिल किया। उनका अनुमान है कि शुरुआती वर्षों में ही इन चीजों पर लगभग 6 लाख रुपये तक खर्च हो सकता है.
2 से 18 साल तक का कितना खर्च
इसके बाद वीडियो में 2 से 18 साल की उम्र तक बच्चे के खान-पान, दैनिक जरूरतों और शिक्षा पर होने वाले खर्च का हिसाब जोड़ा गया. कंटेंट क्रिएटर के मुताबिक, केवल स्कूली शिक्षा पर करीब 33 लाख रुपये खर्च हो सकते हैं. इसके अलावा उन्होंने ट्यूशन पर लगभग 9 लाख रुपये और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों पर करीब 5.4 लाख रुपये का अनुमान लगाया. कपड़े, मनोरंजन और अन्य सामान्य खर्चों को जोड़ने के बाद उन्होंने कुल खर्च करीब 1.39 करोड़ रुपये बताया. उनका कहना है कि इस अनुमान में कॉलेज की पढ़ाई जैसे कई बड़े खर्च अभी शामिल भी नहीं किए गए हैं.
सोशल मीडिया यूजर्स ने किया रिएक्ट
हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई. कई यूजर्स ने कहा कि बच्चे की परवरिश को केवल पैसों के नजरिए से नहीं देखा जा सकता. कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि अगर उनके माता-पिता भी ऐसा सोचते तो वे दुनिया में ही नहीं आते. वहीं कई माता-पिता ने कहा कि बच्चे की परवरिश से मिलने वाली खुशी और संतुष्टि का कोई आर्थिक मूल्य नहीं लगाया जा सकता. एक यूजर ने मजेदार टिप्पणी करते हुए लिखा, “अब तो मुझे पांच बच्चे चाहिए” फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और लोग अपने-अपने अनुभव के आधार पर इस मुद्दे पर खुलकर राय दे रहे हैं.











