MCC का बड़ा अपडेट! NEET UG Counselling 2026 का पूरा कैलेंडर जारी, जानें कब क्या होगा

0
11
NEET UG 2026,
NEET UG 2026,

नई दिल्ली: NEET UG 2026 परीक्षा पास करने वाले छात्रों के लिए बड़ी खबर है. मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने MBBS, BDS और अन्य स्नातक मेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. ऑल इंडिया कोटा (AIQ), डीम्ड यूनिवर्सिटी, केंद्रीय विश्वविद्यालय और अन्य संस्थानों में दाखिले की प्रक्रिया अगस्त से शुरू होगी, जबकि नया शैक्षणिक सत्र 8 सितंबर 2026 से शुरू किया जाएगा.

4 अगस्त से शुरू होगा पहला राउंड

एमसीसी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार ऑल इंडिया कोटा, डीम्ड और केंद्रीय विश्वविद्यालयों के लिए काउंसलिंग का पहला राउंड 4 अगस्त से शुरू होकर 17 अगस्त तक चलेगा. इस राउंड में सीट मिलने वाले उम्मीदवारों को 22 अगस्त तक अपने संबंधित कॉलेज में रिपोर्ट कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी.

इसके बाद दूसरा राउंड 24 अगस्त से 2 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा. इस चरण में सीट पाने वाले अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि 8 सितंबर निर्धारित की गई है.

तीसरे राउंड और स्ट्रे वैकेंसी की तारीख

एमसीसी के अनुसार तीसरा राउंड 10 सितंबर से 18 सितंबर तक चलेगा. वहीं जिन सीटों पर प्रवेश नहीं हो पाएगा, उनके लिए 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक स्ट्रे वैकेंसी राउंड आयोजित किया जाएगा. इस राउंड के बाद सभी चयनित उम्मीदवारों को 10 अक्टूबर 2026 तक कॉलेज में रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा.

राज्य काउंसलिंग का कार्यक्रम भी तय

राज्य काउंसलिंग प्राधिकरण अपने पहले राउंड की प्रक्रिया 13 अगस्त से 22 अगस्त के बीच पूरी करेंगे. इसमें चयनित छात्रों को 28 अगस्त तक प्रवेश लेना होगा. राज्य काउंसलिंग का दूसरा राउंड 31 अगस्त से 8 सितंबर तक चलेगा और इसकी प्रवेश प्रक्रिया 14 सितंबर तक पूरी कर ली जाएगी.

8 सितंबर से शुरू होगा नया सत्र

एमबीबीएस और अन्य स्नातक मेडिकल पाठ्यक्रमों का नया शैक्षणिक सत्र 8 सितंबर 2026 से शुरू होगा. एमसीसी ने सभी मेडिकल कॉलेजों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि काउंसलिंग और दाखिले की प्रक्रिया तय समय-सीमा के भीतर पूरी की जाए. इसके लिए शनिवार, रविवार और सरकारी छुट्टियों को भी कार्य दिवस के रूप में उपयोग करने को कहा गया है.

छात्रों के लिए जरूरी सलाह

NEET UG 2026 में सफल हुए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे काउंसलिंग से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण तारीखें नोट कर लें और दस्तावेज पहले से तैयार रखें. समय पर रजिस्ट्रेशन, चॉइस फिलिंग और कॉलेज रिपोर्टिंग करने से प्रवेश प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी हो सकेगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here