‘मैं जीता था’, ट्रंप ने एक बार फिर किया दावा कहा- 2020 चुनाव में 24 हजार गैर-नागरिकों ने डाला वोट

0
14
2020-election-news-316260
Pinterest

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर 2020 के राष्ट्रपति चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है. बता दें, ट्रंप का कहना है कि उस चुनाव में उन्होंने जो बाइडन को हराया था. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान 24 हजार से अधिक गैर-अमेरिकी नागरिकों ने कथित तौर पर अवैध तरीके से मतदान किया था. 

ट्रुथ सोशल पर शेयर किया पोस्ट 

ट्रंप ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट के शेयर करते हुए इस बात का दावा किया है. उन्होंने कहा कि अमेरिकी जनगणना ब्यूरो ने 2020 के मतदाता रिकॉर्ड की नागरिकता से जुड़े रिकॉर्ड के साथ जांच शुरू की है. ट्रंप के मुताबिक, शुरुआती तौर पर करीब 12.8 करोड़ मतदाताओं के रिकॉर्ड की जांच में 24 हजार से ज्यादा ऐसे लोगों की पहचान हुई है, जो उनके दावे के अनुसार अमेरिकी नागरिक नहीं थे और उन्होंने चुनाव में वोट डाला था. 

3.2 करोड़ और रिकॉर्ड की होगी जांच

इतना ही नहीं ट्रंप ने कहा कि जनगणना ब्यूरो अब लगभग 3.2 करोड़ अन्य मतदाताओं के रिकॉर्ड का विश्लेषण करेगा। उन्होंने दावा किया कि जांच आगे बढ़ने के साथ कथित तौर पर ऐसे मामलों की संख्या और बढ़ सकती है. इसी के साथ उन्होंने अमेरिकी संसद से ‘SAVE America Act’ पारित करने की मांग दोहराई है.

इस कानून का उद्देश्य अमेरिकी चुनावों में मतदान के लिए नागरिकता और मतदाता की पहचान का प्रमाण अनिवार्य करना है. ट्रंप लंबे समय से चुनावी प्रक्रिया में पहचान और नागरिकता सत्यापन को मजबूत करने की वकालत करते रहे हैं.

भारत की चुनाव प्रणाली का भी किया जिक्र

इसके साथ ही ट्रंप ने अपनी एक अन्य पोस्ट में भारत की चुनाव व्यवस्था की तारीफ की है. उन्होंने भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ हुई बातचीत का हवाला देते हुए मतदाताओं के लिए फोटो पहचान पत्र के इस्तेमाल का उल्लेख किया. ट्रंप ने भारत के पिछले आम चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बड़ी संख्या में लोगों ने मतदान किया और डाक मतपत्र के जरिए वोट डालने वालों की हिस्सेदारी एक प्रतिशत से भी कम रही. उन्होंने दावा किया कि भारत में प्रत्येक मतदाता के लिए वैध फोटो पहचान दस्तावेज जरूरी है.

 इसी के साथ ट्रंप ने अमेरिकी चुनाव व्यवस्था में भी नागरिकता और पहचान से जुड़े नियमों को सख्त करने की जरूरत पर जोर देते हुए ‘SAVE America Act’ को जल्द पारित करने की अपील की है. अब देखना ये होगा कि नागरिकता और पहचान से जुड़े इन नियमों में बदलाव करने के बाद अमेरिका में क्या बदलाव देखने को मिलता है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here