लखनऊ: माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे आबान अहमद की सड़क हादसे में मौत के करीब एक सप्ताह बाद कथित दुर्घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में एक तेज रफ्तार कार सड़क पर बने गड्ढे में जाने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराती और फिर हवा में उछलती दिखाई दे रही है.
वीडियो में कितनी है कार की रफ्तार
सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावे के मुताबिक, हादसे के वक्त कार की रफ्तार करीब 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे थी. वीडियो में नजर आता है कि कार पहले सड़क के गड्ढे में जाती है और इसके बाद उसका संतुलन बिगड़ जाता है. कुछ ही पल बाद कार डिवाइडर से जोरदार टक्कर मारती है और कई फीट ऊपर उछलकर सड़क पर गिर जाती है.
कब रिकार्ड की गई ये घटना
बताया जा रहा है कि यह घटना आबान के पीछे चल रही एक कार के डैशकैम में रिकॉर्ड हुई थी. वायरल क्लिप में करीब 19वें सेकंड पर कार पलटती हुई दिखाई देती ह. इसके बाद कुछ सेकंड तक उसके रुकने या बाईं ओर जाने का स्पष्ट संकेत नजर नहीं आता. इसी वजह से वीडियो की टाइमिंग और हादसे के पूरे घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल भी उठ रहे हैं.
भाई से मिलने झांसी गया था आबान
दरअसल, आबान अहमद 6 अगस्त को अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने झांसी जेल गया था. बताया गया कि उसके साथ दोस्त सोनू, उमर अहमद, मोहम्मद जैद और फारुक अहजम भी थे. वहीं भाई से मिलने बाद जब वह वापस लौट रहा था तो झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास उनकी क्रेटा कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई.
मौके पर ही हुई मौत
घटना के बाद सामने आया कि हादसे में आबान और सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उमर, मोहम्मद जैद और फारुक गंभीर रूप से घायल हुए. वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आबान के शरीर पर कई गंभीर चोटों का जिक्र किया गया था. बता दें, 9 अगस्त को आबान को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में उसके पिता अतीक अहमद और भाई की कब्र के पास सुपुर्द-ए-खाक किया गया. अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जेल में बंद उसके भाइयों को भी पैरोल मिली थी.












