नई दिल्ली: कश्मीर के अनंतनाग जिले में शनिवार रात मौसम ने ऐसा कहर बरपाया कि महज 60 मिनट के भीतर दो बार बादल फटने की घटनाओं ने पूरे इलाके को प्रभावित कर दिया. इसके बाद पहलगाम और शंगुस क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ से कई घरों, होटलों और खेतों में पानी भर गया. तेज बहाव अपने साथ कीचड़, बड़े पत्थर और मलबा भी लेकर आया, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया. हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है.
पहलगाम और शंगुस में बाढ़ से मची अफरा-तफरी
बादल फटने के बाद पहलगाम और शंगुस इलाके में नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया. देखते ही देखते पानी रिहायशी इलाकों, होटलों और खेतों तक पहुंच गया. कई जगहों पर मलबा जमा हो गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. पर्यटन गतिविधियों पर भी इसका असर पड़ा और कई पर्यटक सुरक्षित स्थानों की ओर जाने को मजबूर हुए.
एक घंटे में दो बार फटा बादल
पहली घटना शंगुस के चटरगुल के ऊपरी पहाड़ी क्षेत्र में हुई, जहां बादल फटने से आरिपथ नाले में अचानक उफान आ गया. तेज बहाव के साथ आए पानी ने खेतों और सेब के बागों को भारी नुकसान पहुंचाया. स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका बाढ़ की चपेट में आ गया.
करीब एक घंटे के भीतर दूसरी घटना पहलगाम के ओवेरा वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी क्षेत्र में हुई. यहां ओवेरा नाले का पानी तेजी से बढ़ गया और कई होटल, रिसॉर्ट तथा स्थानीय लोगों के घरों में घुस गया. अचानक आई बाढ़ से पर्यटकों और स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई.
प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट
घटनाओं के बाद जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा है. राहत और बचाव दल तुरंत प्रभावित इलाकों में पहुंच गए और होटल में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. साथ ही लोगों को आरिपथ और ओवेरा नाले सहित सभी जल स्रोतों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
अगले 24 घंटे भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने कश्मीर में अगले 24 घंटे तक तेज बारिश की संभावना जताई है. प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और मलबा हटाने के साथ-साथ नुकसान का आकलन किया जा रहा है. अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और बिना जरूरी काम के बाहर न निकलने की अपील की है.












