नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल तथा उनकी बेटी हर्षिता को जान से मारने की धमकी देकर सात करोड़ रुपये मांगने का मामला सामने आया है। खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताने वाले एक व्यक्ति ने कथित तौर पर आप विधायक जरनैल सिंह को फोन किया। इसके बाद व्हाट्सएप पर भी धमकी भरा संदेश भेजा गया। शिकायत के आधार पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दिल्ली के तिलक नगर से आप विधायक जरनैल सिंह ने 6 नवंबर को मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक अनजान व्यक्ति का फोन आया। आरोपी के प्रोफाइल पर ‘एच’ नाम दिखाई दे रहा था। शिकायत के मुताबिक, फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा बताया। उसने विधायक से कहा कि केजरीवाल तक सात करोड़ रुपये देने का संदेश पहुंचा दें। रकम नहीं मिलने पर अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी की हत्या करने की धमकी दी गई। आरोपी ने व्हाट्सएप संदेश में भी रंगदारी की मांग दोहराई।
जरनैल सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उन्हें माध्यम बनाकर केजरीवाल तक फिरौती की मांग और हत्या की धमकी पहुंचाने की कोशिश की। उन्होंने धमकी देने वाले व्यक्ति के साथ-साथ इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। शिकायत के साथ धमकी भरे व्हाट्सएप संदेश का स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपा गया है।
कई धाराओं में केस दर्ज, इंस्पेक्टर को जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आपराधिक धमकी, रंगदारी और सूचना प्रौद्योगिकी कानून के तहत दर्ज किए जाने योग्य पाया गया। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4), 351(2), 351(3), 351(4), 111(2) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत केस दर्ज किया गया। मामले की जांच साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है।
मोबाइल लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड की जांच की मांग
विधायक ने पुलिस से आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), आईपी लॉग और लोकेशन की जांच कराने को कहा है। साथ ही, उससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ तालमेल कर केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया है।












