नई दिल्ली: भारतीय राजनीति के शिखर पुरुष पूर्व उपप्रधानमंत्री एवं भारत रत्न से सम्मानित श्रद्धेय लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिवस पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनके निवास पर पहुंचकर आत्मीय मुलाकात की और उन्हें जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने आडवाणी के स्वस्थ सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की। नितिन नवीन ने कहा कि लालकृष्ण आडवाणी का संपूर्ण सार्वजनिक जीवन राष्ट्र के प्रति निष्ठा समर्पण और सेवा भावना की अद्भुत मिसाल है। देश के विभाजन की त्रासदी से लेकर राष्ट्र निर्माण की लंबी यात्रा तक उनका जीवन संघर्ष, संकल्प और संगठन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की कहानी कहता है।
‘राष्ट्र प्रथम’ जीवन-दर्शन की नींव
उन्होंने कहा कि आडवाणी का जीवन-दर्शन ‘राष्ट्र प्रथम, दल उसके बाद और स्वयं सबसे अंत में’ केवल एक विचार नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक संस्कृति की मजबूत नींव है। यह मंत्र पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में काम करने की प्रेरणा देता रहेगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आडवाणी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका राजनीतिक अनुभव, वैचारिक दृढ़ता और संगठन निर्माण में निभाई गई ऐतिहासिक भूमिका आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बनी रहेगी। दीपावली के पावन पर्व का उल्लेख करते हुए नितिन नवीन ने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि आडवाणी को उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और दीर्घायु प्रदान करें।












