नई दिल्ली: आसमान में उड़ते विमान के कॉकपिट में जब खूनी खेल शुरू हुआ, तो एक आम यात्री ने ऐसी हिम्मत दिखाई कि सैकड़ों जिंदगियां बच गईं। इसी बहादुरी को सलाम करने के लिए इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू खुद एयरपोर्ट पहुंचे और उस यात्री को गले लगाकर हीरो का तमगा दे दिया।30 सितंबर को इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू बेन-गुरियन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे और यानीव हायुन नाम के उस यात्री से मुलाकात की, जिसने बुधवार को हुई खौफनाक घटना के दौरान बेमिसाल साहस दिखाया था।
दरअसल दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट के कॉकपिट में जब हमलावर पायलट ने उत्पात मचाया, तो यानीव ने हिम्मत जुटाकर कॉकपिट का दरवाजा तोड़ा और हमलावर को खींचकर बाहर निकाला। नेतन्याहू ने इस साहस पर यानीव की पीठ थपथपाते हुए कहा कि वे एक सच्चे हीरो हैं और ग्लोबल मेडल ऑफ ऑनर के हकदार हैं। इस मुलाकात के दौरान नेतन्याहू ने यानीव और उनके पूरे परिवार से बेहद आत्मीयता के साथ बातचीत की। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि यानीव का यह कदम असाधारण साहस का उदाहरण है, और ऐसे लोगों को सम्मानित किया जाना चाहिए।
ट्रंप ने भी की यात्री की सराहना
सिर्फ इजरायली प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस बहादुर यात्री की जमकर तारीफ की। भारतीय पायलट स्मित मच्छार की सराहना करते हुए ट्रंप ने यानीव की भूमिका को भी “अद्भुत” बताया। उनके मुताबिक यानीव ने इससे पहले कभी विमान नहीं उड़ाया था, फिर भी वे सीधे कॉकपिट में पहुंचे, को-पायलट को उसकी सीट से खींचकर बाहर निकाला और उसे पीछे की ओर फेंक दिया। इसके बाद अन्य यात्रियों ने मिलकर हमलावर को पूरी तरह काबू में कर लिया।
कैसे हुई थी पूरी घटना
दरअसल बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में अचानक को-पायलट ने उड़ान भर रहे पायलट पर चाकू से हमला कर दिया था। इस नाजुक मौके पर पायलट की सूझबूझ और यात्रियों की फुर्ती ने एक बड़ा हादसा होने से बचा लिया, जिससे विमान में सवार 170 से ज्यादा यात्रियों की जान बच सकी। स्थिति संभालने के लिए विमान की सऊदी अरब में तुरंत इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
इस पूरी घटना में हिम्मत दिखाकर हमलावर को काबू करने वाले यानीव हायुन की चर्चा अब हर तरफ हो रही है। नेतन्याहू ने एयरपोर्ट पर उनसे और उनके परिवार से मुलाकात कर उन्हें जमकर शाबाशी दी, और इस बहादुरी को लंबे समय तक याद रखने लायक बताया।












