नई दिल्ली: बिग बॉस 20 में फिनाले की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। शो के फिनाले से करीब 3 हफ्ते पहले एक चौंकाने वाले इविक्शन की खबर सामने आई है। इस हफ्ते माही विज के घर से बाहर होने की चर्चा थी, लेकिन अब खबरें हैं कि उनकी जगह पंजाबी एक्ट्रेस लव गिल का सफर खत्म हो गया है। हालांकि, उनके घर से बाहर होने या सीक्रेट रूम में जाने को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है।
बिग बॉस 20 का पिछला वीकेंड का वार काफी चर्चा में रहा। सलमान खान ने काजी तौकीर को उनके डबल मीनिंग जोक्स और व्यवहार को लेकर फटकार लगाई। वहीं, कनिका मान को भी उनकी गलतियों का एहसास कराया। एपिसोड के आखिर में घरवालों को गुल्लू और स्काउट ओपी की वह बातचीत दिखाई गई, जिसमें दोनों लव गिल के बारे में बात कर रहे थे।
लव गिल के इविक्शन की आई खबर
बिग बॉस से जुड़ी खबरें शेयर करने वाले एक्स पेज ‘बिग बॉस तक’ के मुताबिक, इस हफ्ते लव गिल घर से बेघर हो सकती हैं। हालांकि, पोस्ट में यह साफ नहीं किया गया कि उन्हें शो से बाहर किया गया है या सीक्रेट रूम में भेजा गया है। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर दर्शकों ने अपनी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी। कुछ यूजर्स ने इस फैसले पर सवाल उठाए, तो कुछ उनके बाहर होने को सही बता रहे हैं।
माही विज के इविक्शन की थी चर्चा
इस हफ्ते नॉमिनेशन में माही विज, लव गिल, आम्रपाली दुबे, कनिका मान, गुल्लू और स्काउट ओपी शामिल थे। पहले ऐसी चर्चा थी कि माही विज को कम वोट मिले हैं और उनका शो से बाहर होना तय हो सकता है। लेकिन लव गिल के इविक्शन की खबर ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। लव गिल पंजाबी एक्ट्रेस हैं। उन्होंने बिग बॉस 20 में सीजन की शुरुआत में ‘फैंस का फैसला’ वोटिंग के जरिए एंट्री ली थी। घर में उनका नाम कई बार ड्रामे और रोमांटिक एंगल को लेकर चर्चा में रहा। खासकर गुल्लू के साथ उनकी नजदीकियों पर दर्शकों की नजर रही। वहीं, स्काउट ओपी के साथ उनके रिश्ते को लेकर भी पूरे सीजन में बातें होती रहीं। उनके गेम को लेकर घर के सदस्यों और दर्शकों ने कई बार सवाल भी उठाए।












