बैंक ब्रांच में शर्मनाक वारदात: मैनेजर ने युवती से किया दुष्कर्म, पुलिस ने की ये कार्रवाई

0
7
woman raped in motihari
woman raped in motihari

पटना: बिहार के अलग-अलग जिलों से महिलाओं के साथ दुष्कर्म और शारीरिक शोषण के दो मामले सामने आए हैं. पहला मामला पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के ढाका थाना क्षेत्र का है, जहां एक महिला ने फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर पर लोन दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. वहीं दूसरा मामला बक्सर जिले का है, जहां एक महिला ने नौकरी दिलाने के नाम पर शारीरिक शोषण किए जाने की शिकायत दर्ज कराई है. बता दें, दोनों मामलों के सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है. क्या है पूरा मामला चलिए जानते है.

लोन प्रक्रिया के बहाने बुलाया बैंक

मोतिहारी मामले में चिरैया थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने आरोप लगाया कि ढाका बड़ी बाजार स्थित एक फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर सन्नी कुमार ने उसे लोन संबंधी प्रक्रिया के बहाने कार्यालय बुलाया. महिला का आरोप है कि वहां मौजूद कमरे में, जहां कंपनी का कार्यालय भी संचालित होता है और आरोपी रहता भी था, उसने वहीं उसके साथ दुष्कर्म किया गया.

ब्रांच मैनेजर को किया गया गिरफ्तार

घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के साथ आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया. जांच के दौरान घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य और नमूने भी एकत्र किए गए. पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. इसके साथ ही पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है. पुलिस ने आरोपी ब्रांच मैनेजर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है.

बक्सर से सामने आया एक और मामला

उधर, बक्सर जिले के नगर थाना क्षेत्र में एक महिला ने पटना निवासी अरुण कुमार के खिलाफ नौकरी दिलाने का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है. महिला ने पुलिस को बताया कि वह पहले अपने पति के साथ पुणे में रहती थी, जहां आरोपी भी उसी इलाके में रहकर एक निजी कंपनी में सुपरवाइजर के रूप में कार्य करता था.

कमरे में 24 घंटे तक रखा गया बंद

शिकायत के अनुसार, बक्सर लौटने के बाद आरोपी ने महिला को नौकरी का प्रस्ताव देकर मिलने के लिए बुलाया. आरोप है कि उसने महिला को जूस में नशीला पदार्थ पिलाकर रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद में उसे पटना ले जाकर एक कमरे में करीब 24 घंटे तक बंद रखा गया. महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी की पत्नी और बहन ने उसके साथ मारपीट की. इसके बाद उसके पति को बुलाकर महिला को उनके हवाले कर दिया गया.

पीड़िता की शिकायत पर नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में तथ्यों की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here