8th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों को मिल सकता है 2.06 लाख रुपये एरियर, जानें किसकी कितनी बढ़ेगी सैलरी

0
2

नई दिल्ली: 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों का इंतजार कर रहे केंद्रीय कर्मचारियों के लिए एरियर को लेकर एक अनुमान सामने आया है। अगर नई वेतन व्यवस्था 1 जनवरी 2026 से लागू होती है और फिटमेंट फैक्टर 2.57 रहता है, तो 18,000 रुपये बेसिक सैलरी वाले लेवल-1 कर्मचारी को करीब 2.06 लाख रुपये एरियर मिल सकता है। यह केवल अनुमान है, सरकार की घोषित रकम नहीं।

इस हिसाब में 7वें वेतन आयोग का 2.57 फिटमेंट फैक्टर आधार बनाया गया है। 18,000 रुपये की मौजूदा बेसिक सैलरी को इससे गुणा करने पर नई अनुमानित बेसिक 46,260 रुपये बनती है। यानी 28,260 रुपये की बढ़ोतरी मानी गई है। कर्मचारी संगठनों ने आयोग के सामने 3.83 फिटमेंट फैक्टर की मांग रखी है। साथ ही सालाना इंक्रीमेंट को मौजूदा 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 6 प्रतिशत करने का प्रस्ताव भी दिया है।

डीए जोड़कर कैसे निकाला गया एरियर?

इस अनुमान में महंगाई भत्ते (DA) को भी शामिल किया गया है। गणना के लिए जनवरी से जून 2026 तक डीए 60 प्रतिशत और जुलाई से दिसंबर तक 63 प्रतिशत माना गया है। जनवरी से जून के दौरान 18,000 रुपये बेसिक में 60 प्रतिशत डीए जोड़ने पर मौजूदा मासिक वेतन 28,800 रुपये होता है। नई अनुमानित बेसिक 46,260 रुपये से इसका अंतर 17,460 रुपये है। छह महीने के हिसाब से यह रकम 1,04,760 रुपये बैठती है। जुलाई से दिसंबर तक 63 प्रतिशत डीए के आधार पर मौजूदा बेसिक और डीए मिलाकर 29,340 रुपये होते हैं। नई बेसिक से अंतर 16,920 रुपये प्रतिमाह है। छह महीने का कुल अंतर 1,01,520 रुपये बनता है। दोनों अवधियों की रकम जोड़ने पर कुल एरियर 2,06,280 रुपये यानी करीब 2.06 लाख रुपये होता है। यह उदाहरण 18,000 रुपये बेसिक सैलरी वाले लेवल-1 कर्मचारी के लिए है। दूसरे वेतन स्तरों पर रकम अलग होगी।

अभी अंतिम फैसला नहीं

8वें वेतन आयोग ने अभी सरकार को सिफारिशें नहीं सौंपी हैं। आयोग की अध्यक्षता न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं। उसे गठन की तारीख से 18 महीने के भीतर रिपोर्ट देनी है। रिपोर्ट मई-जून 2027 के आसपास आने की उम्मीद है। अंतिम एरियर फिटमेंट फैक्टर, नए पे मैट्रिक्स, डीए के समायोजन और लागू होने की तारीख पर निर्भर करेगा। इस गणना में एचआरए, ट्रांसपोर्ट अलाउंस, इनकम टैक्स, एनपीएस और अन्य कटौतियां शामिल नहीं हैं। इंक्रीमेंट और प्रमोशन से भी रकम बदल सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here